उत्तर भारत में बारिश और बाढ़ से राहत नहीं, कई राज्यों में हालात गंभीर
उत्तर भारत में बारिश और बाढ़ से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है। दिल्ली-एनसीआर और यूपी के कई जिलों में बुधवार रात से लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने कई स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है, जो अगले एक सप्ताह तक बनी रह सकती है।
हिमालयी तराई और उत्तराखंड में संकट
अगस्त की शुरुआत से ही हिमालयी तराई क्षेत्रों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे उत्तराखंड और उत्तर बिहार में हालात गंभीर बने हुए हैं। बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती सर्कुलेशन पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, जिसका असर और व्यापक हो सकता है।
उत्तराखंड में बद्रीनाथ, केदारनाथ और हेमकुंड साहिब की यात्राएं गुरुवार तक स्थगित हैं। भूस्खलन से यमुनोत्री मार्ग बाधित है, गंगोत्री धाम की यात्रा भी धराली आपदा के कारण रुकी हुई है। कई चारधाम राजमार्ग भूस्खलन से खतरनाक स्थिति में हैं।
सोनप्रयाग में केदारनाथ जाने की कोशिश कर रहे यात्रियों को पुलिस ने रोका, विरोध के बीच हल्का बल प्रयोग भी किया गया। ऋषिकेश में भूस्खलन से एक ट्रक गंगा में गिर गया, जिसमें सवार दो लोग बह गए।
पंजाब में पांच जिलों में बाढ़ जैसे हालात
अमृतसर में ब्यास नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, सतलुज में भी जलस्तर बढ़ा है। गुरदासपुर, कपूरथला, होशियारपुर, अमृतसर और फिरोजपुर में बाढ़ जैसी स्थिति है। कपूरथला के भैणी कादर गांव में अस्थायी बांध टूटने से 16 गांव पानी से घिर गए हैं।
जालंधर में देर रात से तेज बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट आई है, लेकिन शहर में जलभराव की स्थिति भी बन गई है।
बिहार में 25 लाख लोग प्रभावित
भारी बारिश और नदियों के बढ़ते जलस्तर से बिहार के 10 जिलों में बाढ़ का कहर है। पटना, भोजपुर, सारण, वैशाली, बेगूसराय, लखीसराय, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर और कटिहार सबसे ज्यादा प्रभावित हैं।
गोपालपुर प्रखंड के इस्माइलपुर-सैदपुर बिंदटोली रिंग बांध के कई हिस्से गंगा की तेज धारा में टूट गए, जिससे दर्जनों घर नदी में समा गए और लगभग 3,400 लोग बेघर हो गए। बाढ़ से अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तर प्रदेश में जलस्तर बढ़ा, पांच की मौत
पहाड़ों पर लगातार बारिश के कारण गंगा, रामगंगा और गागर समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। यूपी के विभिन्न जिलों में बाढ़ के पानी में डूबने से एक सिपाही समेत पांच लोगों की मौत हो गई है।
Comments are closed.