बादशाह के ‘टटीरी’ गाने पर विवाद: सरकारी स्कूल में बिना अनुमति शूटिंग, वीडियो में ‘पाठशाला’ बना दी ‘बादशाला’
रैपर बादशाह के विवादित गाने ‘टटीरी’ को लेकर नया विवाद सामने आया है।
आरोप है कि गाने की शूटिंग हरियाणा के गांव सच्चा खेड़ा स्थित राजकीय प्राइमरी स्कूल समेत गांव के चौक, गलियों और तालाब के आसपास की गई थी, जबकि इसके लिए न तो स्कूल प्रशासन से और न ही ग्राम पंचायत से औपचारिक अनुमति ली गई थी।
ग्रामीणों के अनुसार, गाने की शूटिंग 6 और 7 अगस्त को हुई थी। 7 अगस्त को रैपर बादशाह दोपहर बाद गांव पहुंचे थे। शूटिंग में गांव के कुछ लोग भी शामिल हुए थे। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल परिसर में शूटिंग संभवतः स्कूल की छुट्टी के बाद की गई, क्योंकि उस समय स्कूल बंद रहता है और गेट आमतौर पर खुला रहता है। स्कूल परिसर में ओपन जिम होने के कारण भी लोगों का आना-जाना लगा रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि 7 अगस्त को शूटिंग टीम ने ग्राम पंचायत से गांव में शूटिंग की अनुमति मांगी थी, लेकिन पंचायत की ओर से कोई लिखित अनुमति नहीं दी गई। टीम ने केवल दो घंटे का समय मांगा था, जिस पर कुछ ग्रामीणों की सहमति से गांव के कुछ हिस्सों में शूटिंग करने की अनुमति दे दी गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, उसी दिन गांव के एक व्यक्ति का निधन हो गया था, जिसके कारण कई लोग इस गतिविधि में ज्यादा शामिल नहीं हुए। गांव के चौक के पास दुकान चलाने वाले ईश्वर ने बताया कि शूटिंग टीम ने आसपास के दुकानदारों और लोगों को यह कहकर बुलाया था कि उन्हें केवल वहां बैठना है। इसके लिए किसी को कोई भुगतान भी नहीं किया गया।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि स्कूल के पास शूटिंग के दौरान तालाब पर भैंसों को पानी पिलाने आए एक व्यक्ति को वहां से हटने के लिए कहा गया था। हालांकि स्कूल परिसर और उसके आसपास हुई शूटिंग की जानकारी अधिकांश ग्रामीणों को नहीं थी।
मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने स्कूल स्टाफ को सख्त निर्देश दिए हैं कि भविष्य में यदि कोई भी व्यक्ति स्कूल परिसर में प्रवेश करे तो उससे अनुमति पत्र जरूर लिया जाए। ग्रामीणों ने उन स्थानों को भी दिखाया जहां-जहां गाने की शूटिंग की गई थी।
वीडियो में ‘पाठशाला’ को एडिट कर बनाया ‘बादशाला’
जिस राजकीय प्राथमिक पाठशाला में शूटिंग हुई थी, उस स्कूल का नाम वीडियो में एडिट कर ‘पाठशाला’ की जगह ‘बादशाला’ दिखाया गया है। शनिवार को दैनिक जागरण की टीम ने मौके पर जाकर जांच की तो पाया कि स्कूल की दीवार पर ‘पाठशाला’ ही लिखा हुआ है और उसमें किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की गई है। स्कूल स्टाफ का कहना है कि दीवार पर लिखा नाम काफी पुराना है और वीडियो में एडिटिंग के जरिए इसे ‘बादशाला’ दिखाया गया है।
Comments are closed.