अमेरिका में अवैध प्रवास पर कार्रवाई तेज, 4 साल में 1,389 भारतीय बच्चे हिरासत में लिए गए; रिपोर्ट से खुलासा
अमेरिका में इमिग्रेशन पर सख्ती का असर, चार साल में 1,389 भारतीय नाबालिग हिरासत में लिए गए
अमेरिका में अवैध प्रवास के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच वित्त वर्ष 2023 से अब तक बिना माता-पिता या अभिभावक के पहुंचे 1,389 भारतीय नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, इन बच्चों को अब तक भारत वापस नहीं भेजा गया है। इस दौरान अमेरिकी अधिकारियों की सख्ती के चलते अकेले सीमा पार करने वाले भारतीय बच्चों की संख्या में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
अमेरिकी सीमा शुल्क एवं सीमा सुरक्षा विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, वित्त वर्ष 2023 में 730 भारतीय बच्चे बिना अभिभावक के पाए गए थे। यह संख्या 2024 में घटकर 517 रह गई। वित्त वर्ष 2025 में ऐसे 91 मामले सामने आए, जबकि 2026 में यह आंकड़ा केवल 51 रहा। वहीं, वित्त वर्ष 2027 के शुरुआती महीने अक्टूबर 2026 में सिर्फ दो भारतीय बच्चे इस श्रेणी में दर्ज किए गए।
अकेले आने वाले बच्चों की संख्या में वैश्विक स्तर पर भी गिरावट
भारतीय बच्चों की संख्या में आई कमी अमेरिका पहुंचने वाले अन्य देशों के नाबालिगों के आंकड़ों से भी मेल खाती है। अमेरिकी अधिकारियों ने वित्त वर्ष 2024 में विभिन्न देशों के कुल 1.1 लाख अकेले बच्चों को दर्ज किया था। यह आंकड़ा 2025 में घटकर 29,584 और 2026 में 9,190 रह गया। अक्टूबर 2026 में 722 बच्चे बिना अभिभावक के अमेरिका पहुंचे।
इमिग्रेशन क्षेत्र से जुड़े जानकारों के अनुसार, इस गिरावट के पीछे अमेरिकी नियमों का सख्ती से पालन और पकड़े गए प्रवासियों को तेजी से वापस भेजने की नीति अहम वजह हो सकती है।
‘ग्रीन कार्ड ब्रिंगर्स’ के चलन पर लगाम
बताया जाता है कि पहले कुछ मामलों में नाबालिगों को अमेरिका में रह रहे अपने माता-पिता या रिश्तेदारों के लिए कानूनी दर्जा हासिल करने की उम्मीद में सीमा पार कराया जाता था। इस तरीके को कथित तौर पर ‘ग्रीन कार्ड ब्रिंगर्स’ कहा जाता था। हालांकि, अब गिरफ्तारी और तत्काल निर्वासन की आशंका के चलते इस तरह के प्रयासों में कमी आने की बात कही जा रही है।
निर्वासन के डर से अदालत जाने से बच रहे युवा
अमेरिका में बदले माहौल का असर वहां रह रहे भारतीय युवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। गुजरात के कड़ी निवासी एक कारोबारी, जिन्हें 2012 में अमेरिका से निर्वासित किया गया था, ने बताया कि उनका 17 वर्षीय बेटा अपनी शरण याचिका से संबंधित अदालती सुनवाई में शामिल होने से डर रहा है।
कारोबारी के मुताबिक, उनका बेटा 12 साल की उम्र से टेक्सास में रह रहा है, लेकिन अब उसे आशंका है कि सुनवाई में जाने पर उसे हिरासत में लेकर भारत भेज दिया जाएगा। इसी डर से वह छिपकर एक गैस स्टेशन पर काम कर रहा है और एक धार्मिक समुदाय के सदस्यों के साथ रह रहा है।
अवैध प्रवेश के मामलों में भारतीय तीसरे स्थान पर
अकेले पहुंचने वाले भारतीय बच्चों की संख्या घटने के बावजूद अमेरिका में अवैध प्रवेश की कोशिशों से जुड़े मामलों में भारतीय नागरिकों की संख्या अब भी काफी अधिक है।
वित्त वर्ष 2026 में अमेरिकी अधिकारियों ने भारतीय नागरिकों से जुड़े 30,528 मामले दर्ज किए। इस आधार पर भारत 21 देशों की सूची में मेक्सिको और कनाडा के बाद तीसरे स्थान पर रहा।
Comments are closed.