राम मंदिर ट्रस्ट की आज अहम बैठक, चंपतराय और डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे पर हो सकता है फैसला
अयोध्या में श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की महत्वपूर्ण बैठक सोमवार को आयोजित होगी। दोपहर तीन बजे श्रीरामजन्मभूमि परिसर स्थित यात्री सुविधा केंद्र में होने वाली इस बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय और सदस्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र के इस्तीफे पर फैसला लिया जा सकता है। इसके अलावा हाल ही में सामने आए चढ़ावा चोरी प्रकरण और ट्रस्ट के संगठनात्मक ढांचे से जुड़े कई अहम मुद्दों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, चढ़ावा चोरी मामले के बाद ट्रस्ट की कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी। इसी क्रम में नए पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपने और कुछ प्रशासनिक बदलावों पर भी विचार किया जा सकता है।
गौरतलब है कि 5 जून को राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़ी कथित चोरी का मामला सामने आया था। इसके बाद 13 जून को विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर अब तक इस मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
बैठक में शामिल होने के लिए ट्रस्ट के कई प्रमुख सदस्य अयोध्या पहुंच चुके हैं। इनमें जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी वासुदेवानंद सरस्वती, युगपुरुष स्वामी परमानंद और कृष्णमोहन शामिल हैं।
वहीं, ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि, अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा, स्वामी विश्वप्रसन्नतीर्थ समेत अन्य सदस्यों के सोमवार सुबह तक अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है। गोविंद देव गिरि ने सभी ट्रस्टियों से बैठक में मौजूद रहने का आग्रह किया है। वरिष्ठ अधिवक्ता के. पारासरन सहित कुछ सदस्य वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल होंगे।
Comments are closed.