केंद्र सरकार ने सोमवार को बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया।
वरिष्ठ अधिकारी दीप्ति गौड़ मुखर्जी को नई उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त किया गया है। वह विनीत जोशी की जगह लेंगी, जिन्हें पिछले महीने पंचायती राज मंत्रालय का सचिव बनाया गया था।
इससे पहले केंद्र सरकार ने पशुपालन एवं डेयरी विभाग के सचिव नरेश पाल गंगवार को उच्च शिक्षा सचिव नियुक्त करने का फैसला किया था और उन्हें विनीत जोशी का स्थान लेना था। हालांकि, अब इस निर्णय में बदलाव करते हुए दीप्ति गौड़ मुखर्जी की नियुक्ति की गई है।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से सोमवार देर रात जारी आदेश के मुताबिक, मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने मुखर्जी की उच्च शिक्षा सचिव के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। नीट से जुड़े विवाद के बीच उनकी नई जिम्मेदारी को अहम माना जा रहा है।
चंद्रशेखर एस. की केरल वापसी
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के निजी सचिव के तौर पर कार्यरत 2014 बैच के आईएएस अधिकारी चंद्रशेखर एस. को उनके कैडर राज्य केरल वापस भेज दिया गया है। उन्हें पिछले साल सितंबर में उपराष्ट्रपति का निजी सचिव नियुक्त किया गया था।
ज्ञानेश भारती बने अंडमान-निकोबार के मुख्य सचिव
गृह मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी ज्ञानेश भारती को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। भारती इससे पहले उप चुनाव आयुक्त के पद पर कार्यरत थे।
प्रशासनिक फेरबदल के तहत युवा मामलों की सचिव पल्लवी जैन गोविल को कॉरपोरेट मामलों का नया सचिव बनाया गया है। वहीं, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (IWAI) के चेयरमैन सुनील पालीवाल को गोविल की जगह युवा मामलों का सचिव नियुक्त किया गया है।
सुशील कुमार लोहानी होंगे IWAI के चेयरमैन
कैबिनेट सचिवालय में विशेष कार्य अधिकारी (OSD) के तौर पर कार्यरत सुशील कुमार लोहानी को सुनील पालीवाल की जगह भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
वहीं, जल संसाधन विभाग के सचिव वीएल कांत राव को गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग में विशेष कार्य अधिकारी नियुक्त किया गया है। वह मौजूदा सचिव अंसुली आर्या के अगले महीने के अंत में सेवानिवृत्त होने के बाद राजभाषा विभाग के सचिव का पद संभालेंगे।
Comments are closed.