Delhi AQI: दिल्ली-NCR में प्रदूषण चरम पर, कई इलाकों में AQI 400 के पार

1

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मंगलवार (23 दिसंबर) की सुबह जहरीली हवा के साथ हुई।

शहर के कई इलाकों में घने कोहरे और स्मॉग की मोटी परत छाई रही, जिससे विजिबिलिटी काफी कम हो गई। कम दृश्यता का असर हवाई यातायात पर भी पड़ रहा है और दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ानें लगातार प्रभावित हो रही हैं। बीते कई दिनों से स्मॉग और कोहरे के कारण रोजाना कई फ्लाइट्स या तो रद्द हो रही हैं या देरी से संचालित की जा रही हैं।

प्रदूषण की गंभीर स्थिति को देखते हुए एयर क्वालिटी मैनेजमेंट कमीशन (CAQM) ने एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-IV के तहत सभी कड़े प्रतिबंध लागू कर रखे हैं। इसके बावजूद राजधानी की हवा अभी भी दमघोंटू बनी हुई है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, दिल्ली के वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में हल्का सुधार जरूर दर्ज किया गया है, लेकिन स्थिति अब भी ‘बहुत खराब’ श्रेणी में बनी हुई है। राजधानी के कई इलाकों में AQI 400 के पार दर्ज किया गया है।

सीपीसीबी के अनुसार, मंगलवार सुबह सात बजे दिल्ली का औसत AQI करीब 390 रिकॉर्ड किया गया। श्रीनिवासपुरी में AQI 438, मुंडका में 422 और नोएडा सेक्टर-1 में 403 दर्ज किया गया।

एनसीआर के अन्य शहरों में भी हालात चिंताजनक रहे। गुरुग्राम के सेक्टर-51 में AQI 386, जबकि गाजियाबाद के वसुंधरा इलाके में 374 AQI दर्ज किया गया, जो प्रदूषण के गंभीर स्तर को दर्शाता है।

मंगलवार सुबह सात बजे दिल्ली-एनसीआर के कुछ प्रमुख इलाकों का हाल

इलाका AQI
श्रीनिवासपुरी 438
मुंडका 422
सेक्टर-1 नोएडा 403
आनंद विहार 397
ओखला 396
सिरिफोर्ट 392
गुरुग्राम सेक्टर-51 386
आया नगर 382
आरके पुरम 376
वसुंधरा (गाजियाबाद) 374

Comments are closed.