चीन में तबाही: भूस्खलन से 21 की मौत, बाढ़ के बीच रिहायशी इलाकों में घुसे 800 से ज्यादा सांप

0

चीन में प्राकृतिक आपदाओं ने हालात गंभीर कर दिए हैं।

उत्तर-पश्चिमी हिस्से में हुए भीषण भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर 21 हो गई है। वहीं दक्षिणी गुआंग्शी क्षेत्र में बाढ़ के दौरान एक स्नेक फार्म के डूबने से 800 से ज्यादा सांप आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल गए हैं, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

बाढ़ के साथ गांवों में पहुंचे सैकड़ों सांप

स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, टायफून के प्रभाव से गुआंग्शी क्षेत्र में आई बाढ़ के दौरान हेंगझोउ के एक गांव में स्थित स्नेक फार्म पानी में डूब गया। इसके बाद फार्म में रखे गए 800 से अधिक सांप बाहर निकलकर बाढ़ के पानी के साथ आसपास के गांवों में पहुंच गए। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है और सांपों को पकड़ने के लिए विशेष टीमें तैनात की गई हैं।

भूस्खलन में 21 लोगों की मौत

चीन की सरकारी मीडिया के मुताबिक, गांसु प्रांत के लोंगनान शहर में मंगलवार सुबह हुए भूस्खलन में 33 लोग मलबे में दब गए थे। कई घंटे तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद सभी को बाहर निकाल लिया गया।

अधिकारियों के अनुसार, इस हादसे में 21 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। वहीं 7 अन्य घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कारणों की जांच जारी

भूस्खलन की वजह का अभी तक आधिकारिक तौर पर पता नहीं चल पाया है। सरकारी प्रसारक CCTV द्वारा जारी तस्वीरों में बचावकर्मियों और भारी मशीनों को मलबा हटाते हुए देखा गया। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी है।

Comments are closed.