पत्नी से विवाद बना खूनी संघर्ष में तब्दील, सास-ससुर की हत्या से दहला लखनऊ

2

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है।

आलमबाग इलाके में पारिवारिक विवाद ने उस समय खौफनाक रूप ले लिया जब एक युवक ने गुस्से में आकर अपनी सास और ससुर की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी।

जानकारी के अनुसार, आरोपी जगदीप का अपनी पत्नी पूनम से काफी समय से विवाद चल रहा था। शादीशुदा जीवन से असंतुष्ट पूनम पिछले कुछ महीनों से अपने मायके में रह रही थी। बुधवार रात जगदीप अचानक ससुराल पहुंचा और पूनम से पुरानी बातों को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया। बहस इतनी बढ़ गई कि पूनम के पिता अनंत राम ने बीच-बचाव की कोशिश की। इसी दौरान गुस्साए जगदीप ने चाकू निकालकर अनंत राम की गर्दन पर दो बार वार कर दिया।

इसके बाद उसने पास ही मौजूद सास आशा देवी पर भी हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पूनम ने अपने माता-पिता को बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपी के आगे उसकी कोशिशें नाकाम रहीं।

घटना के बाद पूनम ने शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

डीसीपी सेंट्रल के मुताबिक, आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

इस हृदयविदारक वारदात की चश्मदीद गवाह बनीं ऊपर के हिस्से में किराए पर रहने वाली धर्मशिला देवी ने बताया कि शोर सुनकर जब वह नीचे आईं तो देखा कि अनंत राम और आशा देवी लहूलुहान हालत में पड़े थे। आरोपी ने उन पर भी हमला करने की कोशिश की, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकलीं।

पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Comments are closed.