बंगाल में आज जारी होगी मसौदा मतदाता सूची, 58.20 लाख नाम हटाए गए
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया के दूसरे चरण के तहत मंगलवार को मसौदा मतदाता सूची जारी की जाएगी। राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी (CEO) के कार्यालय के अनुसार, इस मसौदा सूची से कुल 58,20,898 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं।
हटाए गए नामों में मृत, लापता, स्थानांतरित और फर्जी मतदाता शामिल हैं। आंकड़ों के मुताबिक,
मृत मतदाताओं की संख्या: 24,16,852
लापता मतदाता: 12,20,038
स्थानांतरित मतदाता: 19,88,076
फर्जी मतदाता: 1,38,328
इसके अलावा, 57,604 ऐसे लोगों के नाम भी मसौदा सूची में शामिल नहीं होंगे, जिन्होंने गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) भरा ही नहीं।
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 तक राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7,66,37,529 थी। अब 58.20 लाख नाम हटाए जाने के बाद जो मसौदा सूची जारी होगी, उसमें 7,08,16,631 मतदाताओं के नाम शामिल होंगे।
1.36 करोड़ से अधिक फॉर्म में विसंगतियां
बंगाल के लिए नियुक्त विशेष मतदाता सूची पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्त ने बताया कि नामों की कटौती के बावजूद 1 करोड़ 36 लाख से अधिक गणना प्रपत्रों में विसंगतियां पाई गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन सभी मामलों को फर्जी मानना सही नहीं होगा, क्योंकि कई मामलों में फॉर्म भरते समय हुई त्रुटियां भी सामने आई हैं।
इन विसंगतियों की गहन जांच की जाएगी और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित मतदाताओं को सुनवाई के लिए बुलाया जाएगा।
हालांकि मसौदा मतदाता सूची आधिकारिक तौर पर मंगलवार को जारी होगी, लेकिन बूथ लेवल ऑफिसर्स (BLOs) के लिए बनाए गए ऐप में यह सूची सोमवार से ही उपलब्ध कराई जा चुकी है।
Comments are closed.