न्यू ईयर 2026 की रात दिल्ली की सड़कें रही सख्त निगरानी में, नशे में ड्राइविंग के मामले में 300% बढ़ोतरी
नई दिल्ली: नए साल 2026 के स्वागत के दौरान राजधानी की सड़कों पर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष अभियान चलाया।
31 दिसंबर 2025 की रात पुलिस ने नशे में ड्राइविंग, ट्रिपल राइडिंग, रॉन्ग साइड ड्राइविंग और गलत पार्किंग जैसे नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की और कुल 8,461 चालान काटे, जो पिछले साल की 2,901 चालानों की तुलना में तीन गुना से अधिक है।
प्रमुख आंकड़े
- नशे में ड्राइविंग: 272 से बढ़कर 857 मामले (करीब 300% की वृद्धि)
- रॉन्ग साइड ड्राइविंग: 240 से बढ़कर 1,630 मामले
- गलत पार्किंग: 2,312 से बढ़कर 5,783 चालान
- ट्रिपल राइडिंग: 77 से बढ़कर 191 मामले
अभियान और रणनीति
ट्रैफिक मैनेजमेंट डिवीजन ने लोकल पुलिस और PCR वैन के साथ मिलकर कनॉट प्लेस सहित सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान लगभग 100 पुलिस टीमें अल्कोमीटर के साथ रातभर तैनात रहीं।
पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के मानकों को बनाए रखना और हुड़दंगियों पर लगाम कसना था। आंकड़े बताते हैं कि अभियान का असर साफ दिखा, खासकर नशे में गाड़ी चलाने और गलत पार्किंग के मामलों में।
Comments are closed.