जापान में 5.9 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, टोक्यो तक महसूस हुए झटके; 23 लोग घायल

0

जापान में 5.9 तीव्रता के भूकंप से हिली धरती, टोक्यो में 20 से ज्यादा घायल; बिजली-पानी की सप्लाई प्रभावित

जापान की राजधानी टोक्यो और पूर्वी हिस्सों में रविवार तड़के 5.9 तीव्रता के भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। इस दौरान 20 से अधिक लोगों के घायल होने की खबर है, हालांकि ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं। भूकंप के बाद सुनामी का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया।

जापान मौसम विज्ञान एजेंसी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र दक्षिणी इबाराकी प्रांत में जमीन से करीब 70 किलोमीटर नीचे था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसकी शुरुआती तीव्रता 5.8 बताई। जापान का यह इलाका भूकंप के लिहाज से बेहद संवेदनशील माना जाता है।

ट्रेनों की रफ्तार पर पड़ा असर

भूकंप के बाद टोक्यो और नारिता एयरपोर्ट के बीच चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों समेत पूर्वोत्तर जापान की कुछ लोकल सेवाएं प्रभावित हुईं और कई ट्रेनों में देरी हुई। हालांकि, शिंकानसेन बुलेट ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।

भूकंप के बाद प्रशासन ने राहत और बचाव कार्यों के लिए तत्काल कदम उठाए। प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने कहा कि सरकार ने स्थिति से निपटने के लिए एक विशेष टीम गठित की है। अधिकारियों के अनुसार, कुछ बुनियादी ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है।

टोक्यो में पाइप फटा, 460 घरों की बिजली गुल

टोक्यो के कोटो वार्ड में भूकंप के झटकों से भूमिगत पानी की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे सड़क का एक हिस्सा पानी में डूब गया। बाद में मरम्मत कर रिसाव पर काबू पा लिया गया।

इसके अलावा टोक्यो में करीब 460 घरों की बिजली भी चली गई। टेपको पावर ग्रिड के मुताबिक, रविवार सुबह तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।

कुछ हफ्ते पहले आया था 7.1 तीव्रता का भूकंप

जापान में यह भूकंप क्यूशू के कुमामोटो क्षेत्र में आए 7.1 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप के कुछ सप्ताह बाद आया है। उस घटना में 38 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 364 लोग घायल हुए थे। 1,500 से ज्यादा इमारतों के क्षतिग्रस्त या नष्ट होने की भी जानकारी सामने आई थी।

Comments are closed.