‘इकोनॉमिक D-डे’: ट्रंप की ईरान को चेतावनी, अभूतपूर्व आर्थिक युद्ध के लिए तैयार रहने को कहा

2

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ कड़े आर्थिक कदमों का ऐलान करते हुए इसे ‘इकोनॉमिक D-डे’ करार दिया है।

ट्रंप ने चेतावनी दी कि ईरान को अब अभूतपूर्व आर्थिक दबाव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग किए जाने का सामना करना पड़ेगा। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कहा कि उन्होंने ईरान को समझौते का बड़ा अवसर दिया था, लेकिन तेहरान उसका फायदा उठाने में नाकाम रहा। इसके बाद अब अमेरिका ईरान के खिलाफ आर्थिक मोर्चे पर सख्त कार्रवाई करेगा।

ईरान पर बढ़ेगा आर्थिक दबाव

ट्रंप ने कहा कि ईरान को अब ऐसे आर्थिक युद्ध का सामना करना पड़ेगा, जिसका स्तर पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने संकेत दिया कि अमेरिकी प्रतिबंधों और आर्थिक दबाव को और व्यापक बनाया जाएगा।

दूसरे देशों को भी दी चेतावनी

अमेरिकी राष्ट्रपति ने अन्य देशों को ईरान की मदद करने के खिलाफ चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जो देश ईरान को आर्थिक या अन्य सहायता देंगे, उन्हें भी गंभीर आर्थिक परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं।

ट्रंप ने तेल की तस्करी, स्वैप लाइन, नकद हस्तांतरण, एक्सचेंज हाउस, जहाजों की रजिस्ट्री और फ्रंट कंपनियों जैसी गतिविधियों को तत्काल रोकने की बात कही। उन्होंने चेतावनी दी कि संबंधित पक्षों को पता है कि वे कौन हैं और उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

सहयोगियों से वॉशिंगटन का साथ देने की अपील

ट्रंप ने इस अभियान को ‘इकोनॉमिक D-डे’ बताते हुए अमेरिकी सहयोगियों से ईरान को आर्थिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग करने में वॉशिंगटन का साथ देने की अपील की। उनका कहना है कि ईरान से पैदा होने वाले खतरे को रोकने के लिए उस पर व्यापक दबाव बनाना जरूरी है।

Comments are closed.