1 अप्रैल 2026 से नेशनल हाईवे पर सफर करने वालों को थोड़ा ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
नेशनल हाईवे पर मिलने वाला सालाना टोल पास महंगा होने जा रहा है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने इस पास की कीमत में बढ़ोतरी की घोषणा की है। नई दरों के मुताबिक, अब वाहन चालकों को सालाना टोल पास के लिए 3,000 रुपये की जगह 3,075 रुपये चुकाने होंगे। यह संशोधित दरें 1 अप्रैल 2026 से लागू होंगी और वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मान्य रहेंगी।
यह सालाना टोल पास निजी (नॉन-कमर्शियल) वाहनों के लिए जारी किया जाता है, जिनमें वैध और सक्रिय FASTag लगा होता है। इसके जरिए वाहन चालक बार-बार टोल देने की झंझट से बच सकते हैं।
NHAI ने सभी टोल प्लाजा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि 1 अप्रैल 2026 से नई दरें लागू करें और इसकी जानकारी यात्रियों व अन्य हितधारकों को दें.
एक साल या 200 बार टोल क्रॉसिंग तक वैध
नए नियमों के अनुसार 3,075 रुपये का यह सालाना पास एक साल तक या अधिकतम 200 बार टोल क्रॉसिंग तक मान्य रहेगा। यानी जो शर्त पहले पूरी होगी, वही लागू मानी जाएगी। यदि किसी वाहन ने 200 बार टोल पार कर लिया, तो पास की वैधता खत्म हो जाएगी, भले ही एक साल पूरा न हुआ हो।
हर साल होती है दरों की समीक्षा
सरकार के मुताबिक, टोल शुल्क से जुड़ी दरों की हर साल समीक्षा की जाती है। इसी प्रक्रिया के तहत इस साल भी सालाना टोल पास की कीमत में हल्की बढ़ोतरी की गई है। इससे नेशनल हाईवे के रखरखाव और संचालन से जुड़े खर्चों को संतुलित करने में मदद मिलती है।
Comments are closed.