दिल्ली के पश्चिम विहार में जिम पर फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

1

दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में एक जिम पर हुई फायरिंग को लेकर बड़ा दावा सामने आया है।

लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े बताए जा रहे रणदीप मलिक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर इस घटना की जिम्मेदारी ली है। पोस्ट में जिम मालिक रोहित खत्री का नाम लेते हुए गंभीर धमकी दी गई है।

सोशल मीडिया पर साझा की गई पोस्ट में दावा किया गया है कि पश्चिम विहार स्थित आरके फिटनेस जिम पर हुई फायरिंग रणदीप मलिक और अनिल पंडित (अमेरिका) के कहने पर करवाई गई। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि जिम मालिक द्वारा फोन कॉल नजरअंदाज किए जाने के बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।

पोस्ट में आगे चेतावनी देते हुए कहा गया है कि अगर भविष्य में कॉल को अनदेखा किया गया, तो इसके और गंभीर परिणाम हो सकते हैं। संदेश में खुद को लॉरेंस बिश्नोई के समर्थन में बताते हुए अन्य गैंग्स के नाम भी शामिल किए गए हैं।

पोस्ट में कई गैंग्स का जिक्र
सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप के साथ-साथ जितेंद्र गोगी मान ग्रुप, हाशिम बाबा ग्रुप और काला राणा ग्रुप का नाम भी लिया गया है। पोस्ट की भाषा आक्रामक और धमकी भरी बताई जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी
दिल्ली पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोशल मीडिया पर किया गया दावा कितना सही है और फायरिंग की घटना के पीछे कौन लोग शामिल हैं। पोस्ट की प्रामाणिकता और अकाउंट के स्रोत की भी जांच की जा रही है।

अमेरिका में गैंगवार की घटना
इस बीच, हाल ही में अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े दो गैंगस्टरों की मौत की खबर भी सामने आई है। बताया जा रहा है कि भारतीय मूल के गैंगस्टरों के बीच हुई मुठभेड़ में यह घटना हुई। विरोधी गैंग बलजोत और जस्सा ने इस वारदात की जिम्मेदारी ली है और आगे धमकियां भी दी हैं।

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां इन घटनाओं के बीच संभावित कनेक्शन की भी जांच कर रही हैं।

Comments are closed.