अमेरिका में हवाई सेवाओं पर तकनीकी खराबी का असर जारी, 300 उड़ानें रद; एयरलाइंस को 34.5 करोड़ डॉलर की चपत
अमेरिका में एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) सिस्टम में आई तकनीकी खराबी के कारण हवाई यातायात लगातार तीसरे दिन भी प्रभावित रहा। सोमवार को करीब 300 उड़ानें रद करनी पड़ीं, जबकि लगभग 1,500 फ्लाइट्स ने देरी से उड़ान भरी। हालांकि, पिछले दो दिनों की तुलना में स्थिति में सुधार के संकेत मिले और विमान सेवाएं धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगीं।
फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के आंकड़ों के मुताबिक, रविवार को अमेरिका में 2,300 से अधिक उड़ानें रद हुई थीं और करीब 11 हजार फ्लाइट्स देरी से संचालित हुईं। तकनीकी गड़बड़ी के चलते शुरुआती दो दिनों में 18 हजार से ज्यादा उड़ानों को रद करना पड़ा। इसे पिछले 25 वर्षों में अमेरिकी विमानन क्षेत्र के सबसे बड़े व्यवधानों में से एक माना जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि नियमित रखरखाव के दौरान एक राउटर लगाए जाने के समय तकनीकी समस्या शुरू हुई थी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुराने उपकरण अब जवाब देने लगे हैं और उन्हें जल्द बदलने की आवश्यकता है।
चार बड़ी एयरलाइंस को 34.5 करोड़ डॉलर का नुकसान
हवाई सेवाओं में आई इस बाधा का असर विमानन कंपनियों की आर्थिक स्थिति पर भी पड़ा है। ब्रोकरेज फर्म बर्नस्टीन के अनुमान के अनुसार, अमेरिकन एयरलाइंस, डेल्टा, यूनाइटेड और साउथवेस्ट को मिलाकर करीब 34.5 करोड़ डॉलर का कर-पूर्व नुकसान हुआ है।
बीओएफए के विश्लेषण में जेटब्लू सबसे ज्यादा प्रभावित एयरलाइन रही, जिसकी लगभग 28 प्रतिशत उड़ानें रद करनी पड़ीं। अमेरिकन एयरलाइंस की 22 प्रतिशत फ्लाइट्स रद हुईं। इसके मुकाबले डेल्टा की 5 प्रतिशत, यूनाइटेड की 3 प्रतिशत और साउथवेस्ट की 4 प्रतिशत उड़ानें प्रभावित हुईं।
इस संकट का असर शेयर बाजार में भी देखने को मिला। जेटब्लू के शेयरों में करीब 2 प्रतिशत की गिरावट आई, जबकि दूसरी विमानन कंपनियों के शेयर भी 1 से 2 प्रतिशत तक टूटे। तकनीकी गड़बड़ी से जुड़ी राउटर निर्माता कंपनी एल3हैरिस के शेयरों में भी लगभग 3 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
पुरानी तकनीक और कर्मचारियों की कमी बनी बड़ी चुनौती
अमेरिकी परिवहन मंत्री सीन डफी ने CNBC को बताया कि इस व्यवधान के दौरान करीब 28 हजार उड़ानों में देरी हुई और इससे अरबों डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ। उन्होंने देश की विमानन प्रणाली को आधुनिक बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
डफी के मुताबिक, फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) अब भी कई पुराने तकनीकी उपकरणों पर निर्भर है। इनमें पुराने कंप्यूटर, फ्लॉपी डिस्क और विमानों की निगरानी के लिए इस्तेमाल होने वाली कागज की स्ट्रिप शामिल हैं।
इसके अलावा एयर ट्रैफिक कंट्रोलरों की कमी भी विमानन व्यवस्था के सामने एक बड़ी समस्या है। लगातार तीसरे दिन उड़ानों के प्रभावित होने की घटना ने अमेरिकी हवाई यातायात प्रणाली की तकनीकी खामियों और आधुनिकीकरण की जरूरत को फिर से उजागर कर दिया है।
Comments are closed.