दिल्ली में यमुना नदी उफान पर, 19 अगस्त तक खतरे का स्तर पार होने का अनुमान
पहाड़ों में जारी भारी बारिश के कारण यमुना नदी में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। हथिनीकुंड बैराज से लगातार पानी छोड़ा जा रहा है, जिससे दिल्ली में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। अनुमान है कि 19 अगस्त की रात तक जलस्तर 206 मीटर तक पहुँच सकता है, जो खतरे के स्तर 205.33 मीटर को पार कर देगा।
केंद्रीय जल आयोग (CWC) ने सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने और एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। रविवार शाम करीब सात बजे नदी का जलस्तर पुराने रेलवे पुल पर 204.60 मीटर दर्ज किया गया, जो चेतावनी स्तर 204.50 मीटर को पार कर गया है।
- हथिनीकुंड और वजीराबाद से छोड़ा गया पानी
- हथिनीकुंड बैराज से इस सीजन में अब तक सबसे अधिक 1.78 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया।
- वजीराबाद बैराज से हर घंटे 45,620 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
- यह पानी आमतौर पर 48–50 घंटे में दिल्ली पहुंचता है।
CWC ने चेतावनी दी है कि 19 अगस्त की देर रात तक दिल्ली रेलवे पुल पर जलस्तर 206 मीटर को पार कर सकता है, जिस समय लोगों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
बाढ़ नियंत्रण विभाग की जानकारी
सिंचाई विभाग अब मिनी फ्लड की घोषणा 1 लाख क्यूसेक पानी पर करता है, जबकि हाई फ्लड 2.5 लाख क्यूसेक पर घोषित किया जाता है।
पहले हथिनीकुंड बैराज पर 70,000 क्यूसेक पानी आने पर मिनी फ्लड घोषित किया जाता था।
केंद्रीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने सभी एजेंसियों से अपील की है कि वे संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए तुरंत तैयार रहें और नागरिकों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की योजना बनाएं।
Comments are closed.