देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है।
मैदानी इलाकों से लेकर पहाड़ी राज्यों तक स्थिति गंभीर बनी हुई है। सड़कों पर पानी भर गया है, कई जिलों में घर डूब गए हैं और लाखों लोग प्रभावित हैं।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरनाक स्तर पर
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है। नदी का पानी आसपास के निचले इलाकों में घुस चुका है, जिससे बाढ़ का खतरा और बढ़ गया है।
पंजाब में आपदा जैसे हालात
पंजाब सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में है। कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं और राज्य सरकार ने इसे आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया है। अब तक 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। करीब 67,000 एकड़ कृषि भूमि पूरी तरह नष्ट हो चुकी है और 3 लाख एकड़ जमीन अब भी पानी में डूबी हुई है। हालात को देखते हुए राज्य सरकार ने सात सितंबर तक स्कूल और कॉलेज बंद रखने के आदेश दिए हैं।
हिमाचल में भूस्खलन और भारी तबाही
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला समेत कई जिलों में लगातार बारिश ने कहर बरपा रखा है। मंडी जिले के सुंदरनगर में देर रात हुए भूस्खलन में कई लोगों की मौत हो गई। पेड़ गिरने और मलबा आने से सड़कों पर आवाजाही रुक गई है। राज्य सरकार ने सुरक्षा को देखते हुए स्कूल बंद रखे हैं।
हरियाणा में बाढ़ का खतराअमेरिका पर बरसे जिनपिंग, बोले—‘शांति और युद्ध में से करना होगा चुनाव’
दिल्ली से सटे हरियाणा में भी हालात गंभीर हैं। यमुनानगर और अंबाला में यमुना का जलस्तर बढ़ने से लोगों में दहशत है। प्रशासन को अलर्ट पर रखा गया है। गुरुग्राम में लगातार बारिश से सड़कें जलमग्न हैं और भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है।
आईएमडी का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों तक कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इनमें अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, असम, सिक्किम, उत्तराखंड, यूपी, महाराष्ट्र, गुजरात, गोवा, कर्नाटक, केरल, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश शामिल हैं। विभाग ने बाढ़ प्रभावित राज्यों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
Comments are closed.