फ्लाईदुबई घटना: भारतीय पायलट स्मित मच्छर को मिलेगा इजरायल का सर्वोच्च नागरिक वीरता पुरस्कार, राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने किया ऐलान

4

फ्लाईदुबई विमान में संकट टालने वाले भारतीय पायलट स्मित मच्छर को मिलेगा इजरायल का वीरता सम्मान

फ्लाईदुबई की उड़ान में बड़े हादसे को टालने और यात्रियों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को इजरायल सम्मानित करेगा। इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने गुरुवार को घोषणा की कि उन्हें नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। फिलहाल कैप्टन मच्छर अस्पताल में भर्ती हैं और उनका इलाज जारी है।

यरुशलम में छह इजरायली नागरिकों को सम्मानित करने के समारोह के दौरान राष्ट्रपति हर्जोग ने भारतीय पायलट की बहादुरी का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इजरायली नायकों को सम्मानित करने के साथ ही वे भारत के कैप्टन स्मित मच्छर के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हैं। हर्जोग के मुताबिक, मच्छर के साहस, बहादुरी और पेशेवर कौशल ने संभावित बड़ी त्रासदी को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राष्ट्रपति ने कहा कि कैप्टन मच्छर के स्वस्थ होने के बाद उन्हें इजरायल की जनता की ओर से यह सम्मान प्रदान करना उनके लिए गौरव की बात होगी।

को-पायलट के हमले के बाद भी नहीं खोया धैर्य

पिछले सप्ताह फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में उस समय गंभीर संकट पैदा हो गया, जब तेल अवीव जा रहे विमान के ओमानी को-पायलट हमाम अल-हम्मामी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से कैप्टन मच्छर पर हमला कर दिया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की।

इस खतरनाक स्थिति के बावजूद कैप्टन मच्छर ने सूझबूझ और साहस का परिचय दिया। उनकी कार्रवाई से विमान में सवार करीब 180 यात्रियों की जान बचाने में मदद मिली। घटना के बाद विमान को सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग करानी पड़ी।

नेतन्याहू भी कर चुके हैं कैप्टन मच्छर की तारीफ

इस घटना के बाद इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी कैप्टन स्मित मच्छर से बातचीत की थी। उन्होंने भारतीय पायलट की बहादुरी की सराहना करते हुए उन्हें इजरायल, भारत और पूरी दुनिया का हीरो बताया था। नेतन्याहू ने उन्हें इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया था।

क्या है नागरिक वीरता पुरस्कार?

इजरायली राष्ट्रपति इसाक हर्जोग ने 7 अक्टूबर 2023 के हमलों के बाद नागरिकों के असाधारण साहस और वीरता को सम्मानित करने के उद्देश्य से इस पुरस्कार की शुरुआत की थी। यह सम्मान उन लोगों को दिया जाता है, जिन्होंने दूसरों की जान बचाने या संकट के समय लोगों की मदद करने के लिए असाधारण बहादुरी का परिचय दिया हो।

कैप्टन स्मित मच्छर को यह सम्मान देने की घोषणा विमान में संकट के दौरान उनके साहस और पेशेवर जिम्मेदारी के प्रति इजरायल की सराहना को दर्शाती है।

Comments are closed.