दिल्ली-NCR की सड़कों पर कोहरे की मार, कई जगह दृश्यता बेहद कम

1

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह ज्यादातर इलाकों में बेहद घना कोहरा छाया रहा।

दिल्ली और नोएडा में तड़के विजिबिलिटी बेहद कम दर्ज की गई, जिसका सीधा असर सड़क, रेल और हवाई यातायात पर पड़ा। कई इलाकों में वाहन रेंगते नजर आए, जबकि कई ट्रेनें अपने तय समय से काफी देरी से चल रही हैं।

दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ एयरपोर्ट पर जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर भारत को घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना नहीं है

IMD की भविष्यवाणी फिर साबित हुई सही

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही राजधानी और आसपास के इलाकों में घने कोहरे की आशंका जताई थी, जो एक बार फिर सटीक साबित हुई। दिल्ली-एनसीआर में सुबह जल्दी निकलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कई इलाकों में विजिबिलिटी बेहद कम

दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में विजिबिलिटी बेहद कम रहने के कारण वाहन बेहद धीमी रफ्तार से चलते नजर आए। कोहरे की वजह से सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ गया है और यातायात पुलिस ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है।

इन जगहों पर दर्ज हुई जीरो विजिबिलिटी

उत्तर भारत के कई इलाकों में घने कोहरे के चलते जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई।

  • दिल्ली: सफदरजंग एयरपोर्ट

  • उत्तर प्रदेश: बरेली, कानपुर, लखनऊ और कुशीनगर एयरपोर्ट

वहीं दिल्ली के पालम, पंजाब के अमृतसर और उत्तर प्रदेश के गोरखपुर एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी करीब 100 मीटर दर्ज की गई।

दिल्ली के लिए रेड अलर्ट

मौसम विभाग ने दक्षिण और दक्षिण-पश्चिम दिल्ली में बेहद कम दृश्यता को लेकर रेड अलर्ट जारी किया है। राजधानी के अन्य इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

रेल सेवाओं पर भी असर

घने कोहरे का असर रेल सेवाओं पर भी साफ दिख रहा है। कई ट्रेनें घंटों की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भीषण ठंड में प्लेटफॉर्म पर इंतजार करना पड़ रहा है। दिल्ली-एनसीआर के कई रेलवे स्टेशनों पर यात्री अलाव तापते नजर आए।

अगले 4–5 दिन कोहरे की गिरफ्त में उत्तर भारत

IMD के अनुसार, आने वाले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई राज्यों में घना कोहरा बना रहेगा। इसमें हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और बिहार शामिल हैं।

  • पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़: 22 जनवरी तक अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा

  • उत्तर प्रदेश: 20 जनवरी तक घना, कुछ इलाकों में बेहद घना कोहरा

  • जम्मू डिवीजन और उत्तराखंड: अगले एक दिन तक

  • उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम: 23 जनवरी तक

  • बिहार: 21 जनवरी तक

  • असम-मेघालय: सुबह और रात के समय कोहरा

Comments are closed.