जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज भारत पहुंचे, पीएम मोदी से आज करेंगे मुलाकात

5

जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज सोमवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंच गए हैं।

वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, जिसमें भारत-जर्मनी सहयोग को और मजबूत करने पर व्यापक चर्चा होने की उम्मीद है। बातचीत में रणनीतिक, आर्थिक और सुरक्षा क्षेत्रों में साझेदारी प्रमुख एजेंडा रहेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर चांसलर मर्ज 12 से 13 जनवरी तक दो दिवसीय भारत दौरे पर हैं। यात्रा की शुरुआत में वह अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे। पीएम मोदी सोमवार को बाद में अहमदाबाद में चांसलर मर्ज से मुलाकात करेंगे।

क्या है आज का कार्यक्रम

आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, सुबह करीब 9:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज साबरमती आश्रम का संयुक्त दौरा करेंगे। इसके बाद करीब 10 बजे दोनों नेता साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव में हिस्सा लेंगे।
सुबह 11:15 बजे महात्मा मंदिर में दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों के साथ द्विपक्षीय वार्ता शुरू होगी।

किन मुद्दों पर होगी बातचीत

बैठक में भारत-जर्मनी रणनीतिक साझेदारी के तहत अब तक हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी, जिसके 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक, चर्चा के प्रमुख मुद्दों में

  • व्यापार और निवेश
  • उन्नत तकनीक (Advanced Technology)
  • शिक्षा और मोबिलिटी
  • रक्षा और सुरक्षा सहयोग

इसके अलावा विज्ञान, नवाचार और शोध, ग्रीन व सस्टेनेबल डेवलपमेंट और लोगों के बीच संपर्क जैसे क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी बातचीत होने की संभावना है।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज की पिछली मुलाकात G7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी, जहां दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने पर सहमति जताई थी। उसी दौरान पीएम मोदी ने चांसलर मर्ज को भारत की आधिकारिक यात्रा का निमंत्रण दिया था, जिसके बाद यह दौरा तय हुआ।

Comments are closed.