डॉ. विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी डिवोशनल फिल्म ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार मजबूत प्रदर्शन कर रही है।
महज 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म को दर्शकों से मिले पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ का जबरदस्त फायदा मिला है। रिलीज के 30 दिन पूरे होने के साथ फिल्म ने कमाई का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है।
30वें दिन भी जारी रहा कमाई का सिलसिला
‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर करीब 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी। रिलीज के शुरुआती दो हफ्तों में फिल्म की कमाई लाखों में ही सीमित रही, लेकिन तीसरे हफ्ते से तस्वीर बदल गई। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद सिनेमाघरों में फिल्म की मांग बढ़ी और इसकी कमाई ने रफ्तार पकड़ ली।
तीसरे और चौथे हफ्ते में फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया। अब रिलीज के 30वें दिन फिल्म ने 100 करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर नया रिकॉर्ड कायम किया है।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 30वें दिन यानी शनिवार को ‘हनुमान अंश’ ने करीब 16.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। इसके साथ फिल्म का भारत में नेट कलेक्शन 99.38 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 117.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है। शनिवार को फिल्म ने 6,055 शोज के साथ करीब 62 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी दर्ज की।
‘हनुमान अंश’ का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन:
30वें दिन: 16.50 करोड़ रुपये
नेट इंडिया कलेक्शन: 99.38 करोड़ रुपये
ग्रॉस इंडिया कलेक्शन: 117.40 करोड़ रुपये
क्या है ‘हनुमान अंश’ की कहानी?
‘हनुमान अंश’ एक बायोग्राफिकल डिवोशनल ड्रामा है, जिसे डॉ. विशाल चतुर्वेदी ने लिखा, निर्देशित और प्रोड्यूस किया है। फिल्म का निर्माण उनके बैनर ‘स्वयंभू मीडिया नेटवर्क’ के तहत हुआ है।
यह फिल्म उनकी किताब ‘डिवाइन डिटूर: दैट चेंज्ड माई लाइफ’ पर आधारित प्रस्तावित ट्रिलॉजी की पहली कड़ी है। फिल्म में नीम करौली बाबा के जीवन और उनके आध्यात्मिक सफर को केंद्र में रखा गया है।
फिल्म में शोभिनव सत्या और चंदन आनंद मुख्य भूमिकाओं में नजर आते हैं।
घर छोड़कर आध्यात्मिक तलाश पर निकलता है नायक
कहानी आजादी से पहले के भारत की पृष्ठभूमि में आगे बढ़ती है। फिल्म में लक्ष्मी नारायण नाम के एक युवा के जीवन को दिखाया गया है। मां की मृत्यु के बाद वह जीवन और ईश्वर की तलाश में अपना घर छोड़ देता है।
इसके बाद वह उत्तर भारत की यात्रा पर निकलता है। इसी आध्यात्मिक यात्रा के दौरान उसके जीवन में कई महत्वपूर्ण मोड़ आते हैं और आगे चलकर वह नीम करौली बाबा के रूप में पहचाना जाता है।
Comments are closed.