हरियाणा की मॉडल शीतल की हत्या! नहर में मिली लाश, बॉयफ्रेंड एंगल आया सामने

1

हरियाणा में मॉडल की हत्या से सनसनी: शूटिंग के बहाने निकली शीतल की नहर में मिली लाश, बॉयफ्रेंड पर गंभीर आरोप

हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखोदा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री की उभरती मॉडल शीतल उर्फ सिम्मी चौधरी की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। शीतल का शव सोमवार सुबह गांव खांडा के पास रिलायंस नहर से बरामद हुआ। पहचान उसके हाथ और सीने पर बने टैटू से हुई। मूल रूप से पानीपत की रहने वाली शीतल की गुमशुदगी की रिपोर्ट पहले ही दर्ज की जा चुकी थी।

आखिरी कॉल में बताई थी मारपीट की बात
शीतल की बहन नेहा के मुताबिक, 14 जून की रात करीब 1:30 बजे शीतल ने वॉट्सऐप वीडियो कॉल पर बताया कि उसका कथित बॉयफ्रेंड सुनील न केवल उसे जबरन साथ ले जाने की कोशिश कर रहा है, बल्कि उससे मारपीट भी कर रहा है। कॉल के दौरान शीतल ने यह भी कहा कि उसकी गर्दन पर चोट आई है। इसके बाद कॉल अचानक कट गई और शीतल से संपर्क नहीं हो पाया।

शूटिंग के लिए गई थी, फिर हुई लापता
नेहा ने बताया कि शीतल 14 जून को गांव अहर में एक म्यूजिक एल्बम की शूटिंग के लिए गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। दो दिन तक तलाश के बाद 17 जून को उसका शव नहर में मिला। पुलिस का मानना है कि उसकी गला रेतकर हत्या की गई और शव को नहर में फेंक दिया गया।

आरोपी बॉयफ्रेंड की कार नहर में मिली
हत्या के एक दिन पहले ही, रविवार को शीतल के कथित बॉयफ्रेंड सुनील की कार भी दिल्ली पैरलल नहर में पड़ी मिली थी। हालांकि कार में शीतल नहीं थी। पुलिस इस कड़ी को भी जांच में शामिल कर रही है।

बॉयफ्रेंड की पृष्ठभूमि
शीतल की बहन के अनुसार, शीतल की मुलाकात करनाल के होटल सुकून में काम करने के दौरान सुनील से हुई थी। सुनील ने दोस्ती कर बाद में शादी का प्रस्ताव भी रखा, लेकिन जब शीतल को उसकी शादीशुदा जिंदगी और दो बच्चों के बारे में पता चला, तो उसने उससे दूरी बना ली। इसके बावजूद, सुनील उसका पीछा करता रहा।

पुलिस जांच जारी
सोनीपत पुलिस ने हत्या के सभी कोणों से जांच शुरू कर दी है। अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है, लेकिन सुनील की भूमिका पर गंभीर संदेह जताया जा रहा है। पुलिस मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स की जांच कर रही है।

Comments are closed.