वेस्टइंडीज ने रचा वनडे इतिहास, पूरे 50 ओवर फेंके सिर्फ स्पिनरों ने।
वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम ने वनडे इतिहास में ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जो इससे पहले कभी नहीं हुआ था। मंगलवार को ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज के दूसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने गेंदबाजी में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया — पूरी पारी के सभी 50 ओवर स्पिनरों से फेंकवाए गए।
इस मैच में कप्तान शाई होप ने पारी की एक भी गेंद तेज़ गेंदबाजों से नहीं फेंकवाई। टीम के पांचों स्पिनरों — अकील हुसैन, रोस्टन चेज, खेरी पियरे, गुडाकेश मोती, और एलिक अथांजे — ने 10-10 ओवर पूरे किए।
गुडाकेश मोती रहे सबसे सफल गेंदबाज, जिन्होंने 10 ओवर में 65 रन देकर 3 विकेट लिए। अकील हुसैन ने 2 विकेट झटके, जबकि एलिक अथांजे ने 2 विकेट लेकर बांग्लादेश की रनगति रोक दी। रोस्टन चेज और खेरी पियरे भले ही विकेट नहीं ले सके, लेकिन दोनों ने किफायती गेंदबाजी की।
कप्तान शाई होप का यह फैसला वेस्टइंडीज के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, क्योंकि वनडे क्रिकेट के 50 साल के इतिहास में पहली बार किसी टीम ने पूरी पारी में केवल स्पिन गेंदबाजों का इस्तेमाल किया।
बांग्लादेश की टीम 50 ओवर में 7 विकेट खोकर 213 रन ही बना सकी। टीम के लिए सौम्य सरकार ने 45 रन, जबकि रिशाद हुसैन ने 14 गेंदों पर नाबाद 39 रन की तेज़ पारी खेली। कप्तान मेहिदी हसन मिराज (32*) और नुरुल हसन (23) ने भी योगदान दिया।
Comments are closed.