दिल्ली-NCR की हवा में घुला प्रदूषण लोगों की सेहत लगातार बिगाड़ रहा है।
लाख कोशिशों के बावजूद दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम में वायु गुणवत्ता में कोई सुधार नहीं दिख रहा। सोमवार को भी पूरे क्षेत्र में स्मॉग की मोटी चादर छाई रही, जिसमें सांस लेना मुश्किल हो गया है। ग्रैप-3 लागू होने के बाद भी प्रदूषण स्तर जस का तस बना हुआ है। कई स्थानों पर AQI 400 के पार दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। दिल्ली का औसत AQI 360 रहा, जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी है।
कई इलाकों में AQI 400+
दिल्ली के बवाना में सोमवार सुबह 6 बजे AQI 427 दर्ज किया गया, जो शहर में सबसे अधिक था। इसके अलावा डीटीयू (403), जहांगीरपुरी (407), नरेला (406), रोहिणी (404) और वजीरपुर (401) में भी AQI 400 के ऊपर रहा। मुंडका, नेहरू नगर, सोनिया विहार, जLN स्टेडियम और द्वारका जैसे क्षेत्रों में AQI 380–396 के बीच रिकॉर्ड किया गया। खराब हवा के कारण लोगों में गले में खराश, खांसी और सांस लेने में दिक्कत जैसी समस्याएं बढ़ रही हैं।
GRAP-3 भी नहीं रोक पा रहा प्रदूषण
दिल्ली-NCR में ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू हैं, लेकिन प्रदूषण स्तर में कोई कमी नहीं आई है। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि निर्माण कार्य, धूलभरी सड़कों और ट्रैफिक जाम से निकलने वाले PM10 उत्सर्जन से स्थिति और खराब हो रही है। उन्होंने कहा कि हॉटस्पॉट की पहचान तेज की जा रही है, लेकिन शहर की सफाई और सड़क रखरखाव में बड़े सुधार की जरूरत है। रविवार को भी औसत AQI 377 ‘बहुत खराब’ श्रेणी में दर्ज हुआ था।
हर सर्दी में बिगड़ती हवा
हर साल सर्दियों के शुरू होते ही दिल्ली की वायु गुणवत्ता खराब होने लगती है। धूल और धुंध मिलकर स्मॉग बनाते हैं, जिससे हवा जहरीली हो जाती है। पराली जलाने का असर भी इस मौसम में दिखता है, हालांकि बुवाई के साथ इसका प्रभाव धीरे-धीरे कम हो जाता है। इस साल 11 नवंबर को पहली बार दिल्ली का औसत AQI ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंचा, ऐसा पिछले साल दिसंबर के बाद पहली बार हुआ।
नवंबर का सबसे ठंडा दिन
प्रदूषण के बीच दिल्ली का मौसम भी तेजी से बदल रहा है। रविवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.5 डिग्री कम है। यह पिछले तीन वर्षों में नवंबर का सबसे ठंडा दिन रहा। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को हल्का कोहरा छाए रहने और अधिकतम तापमान 25 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 9 डिग्री रहने की संभावना है।
Comments are closed.