देशभर में मौसम तेजी से करवट ले रहा है। फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस की जा रही है और तापमान लगातार बढ़ रहा है।
इसी बीच India Meteorological Department (IMD) ने 17 से 19 फरवरी के बीच 10 राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
किन राज्यों में बारिश के आसार?
IMD के मुताबिक यूपी, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में बारिश की संभावना है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर
नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। ओडिशा में 18 फरवरी तक कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।
राज्यवार मौसम अपडेट
उत्तर प्रदेश
पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में 17-18 फरवरी को हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा में छिटपुट वर्षा हो सकती है। हालांकि पूरे प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी नहीं है।
उत्तराखंड
चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर में बारिश की संभावना है। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है। 18-19 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।
दिल्ली-एनसीआर
17 फरवरी को तापमान में 2-3 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे दोपहर में हल्की गर्मी महसूस होगी। अगले 24 घंटों में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश
शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू में 17-18 फरवरी को बारिश के आसार हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है।
जम्मू-कश्मीर
श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में 17 फरवरी को बारिश की संभावना है।
राजस्थान
दोपहर बाद मौसम बदलेगा। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में 17-18 फरवरी को बूंदाबांदी और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मध्य प्रदेश
18-19 फरवरी को सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। 17 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा।
बिहार
फिलहाल बिहार में बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि मिथिलांचल और सीमांचल के कुछ इलाकों में मध्यम कोहरा और ठंड का असर बना रह सकता है।
IMD ने लोगों को मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर पहाड़ी और उत्तर-पश्चिमी राज्यों में।
Comments are closed.