बांग्लादेश में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत के बाद भड़की हिंसा के बीच एक बेहद हृदयविदारक घटना सामने आई है।
व्यापक अशांति के दौरान एक सात साल की मासूम बच्ची को जिंदा जला दिया गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शनिवार को लक्ष्मीपुर सदर उपजिला में बीएनपी से जुड़े एक नेता के घर को कथित तौर पर बाहर से बंद कर आग लगा दी गई। इस घटना में बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए।
हादी की मौत के बाद देशभर में हिंसा
दरअसल, 12 दिसंबर को ढाका के बिजोयनगर इलाके में एक चुनावी अभियान के दौरान नकाबपोश हमलावरों ने छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी को सिर में गोली मार दी थी। इलाज के लिए उन्हें सिंगापुर ले जाया गया, जहां गुरुवार को उनकी मौत हो गई। 32 वर्षीय हादी को शनिवार को कड़ी सुरक्षा के बीच ढाका विश्वविद्यालय मस्जिद के पास राष्ट्रीय कवि काजी नजरुल इस्लाम की समाधि के समीप दफनाया गया।
हादी की मौत के बाद बांग्लादेश के कई हिस्सों में हिंसा, आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाएं सामने आईं। गुरुवार को चटोग्राम में सहायक भारतीय उच्चायुक्त के आवास पर पत्थरबाजी की घटना भी हुई, जिससे हालात और तनावपूर्ण हो गए।
सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम
अंतिम संस्कार के बाद हादी की पार्टी इंकलाब मंच ने अंतरिम सरकार को 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए उनकी हत्या के जिम्मेदार लोगों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। यह अल्टीमेटम शनिवार दोपहर ढाका के शाहबाग चौराहे पर हजारों समर्थकों के जुटने के बाद जारी किया गया।
इंकलाब मंच के नेताओं ने चेतावनी दी कि अगर तय समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
कौन थे शरीफ उस्मान हादी?
शरीफ उस्मान हादी जुलाई 2024 के जनआंदोलन का प्रमुख चेहरा थे और भारत के मुखर आलोचक के रूप में जाने जाते थे। वह इंकलाब मंच के प्रवक्ता भी थे। हादी ने हाल ही में घोषणा की थी कि वह ढाका-8 संसदीय सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर 13वां आम चुनाव लड़ेंगे।
हादी के परिवार ने शाहबाग चौराहे पर उनके नाम पर एक स्मारक बनाने की मांग की है। इसी स्थान से उन्होंने सत्ता परिवर्तन आंदोलन की शुरुआत की थी। अंतरिम यूनुस सरकार ने हादी की मौत पर एक दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। इसके मद्देनजर ढाका और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
नई दिल्ली में बांग्लादेश उच्चायोग की सुरक्षा बढ़ी
बांग्लादेश में हालात बिगड़ने के बाद नई दिल्ली स्थित बांग्लादेश उच्चायोग की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। दिल्ली पुलिस ने उच्चायोग और उसके आसपास अतिरिक्त बल तैनात किया है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात से ही सुरक्षा सख्त कर दी गई थी और शुक्रवार को बैरिकेडिंग के साथ वाहनों की सघन जांच की गई।
Comments are closed.