सितंबर के अंत में भी बारिश का दौर जारी, मुंबई में बाढ़ जैसे हालात; दिल्ली-एनसीआर को मिलेगी राहत
सितंबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन इस बार मानसून की विदाई के बावजूद देश के कई हिस्सों में बारिश थमने का नाम नहीं ले रही। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में लगातार बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि फिलहाल यही रुख जारी रहेगा।
दिल्ली-एनसीआर
राष्ट्रीय राजधानी पिछले कुछ दिनों से उमस भरी गर्मी से जूझ रही है। IMD के अनुसार, 30 सितंबर और 1 अक्तूबर को दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने की संभावना है, जिससे राहत मिलेगी। फिलहाल आज बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
उत्तर प्रदेश
पश्चिमी यूपी में उमस भरी गर्मी बरकरार है। 30 सितंबर से 3 अक्तूबर तक लखनऊ और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है। पूर्वी यूपी में भी इस अवधि में बारिश हो सकती है। आज झांसी, मथुरा, बांदा, चित्रकूट, महोबा, प्रयागराज आदि जिलों में बारिश की संभावना है।
मुंबई और महाराष्ट्र
मुंबई में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। कई इलाकों में जलभराव के कारण स्कूलों में छुट्टी और कई संस्थानों में वर्क फ्रॉम होम लागू किया गया है। ठाणे, पालघर, रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों में भी भारी बारिश का अलर्ट जारी है।
अन्य
बिहार में उमस भरी गर्मी से फिलहाल राहत की उम्मीद नहीं है। 1 से 4 अक्तूबर के बीच राज्य के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। दक्षिण भारत में केरल समेत कई राज्यों में लगातार बारिश हो रही है, जिससे लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
Comments are closed.