चक्रवात अर्नब का असर: ओडिशा-आंध्र में भारी बारिश से आफत, स्कूल बंद; दिल्ली समेत 22 राज्यों में अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम का असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिला है।
देर रात करीब 11 बजे से 1 बजे के बीच सिस्टम ने उत्तर आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा के तट को प्रभावित किया। इसके बाद दोनों राज्यों के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।
ओडिशा में कई इलाके प्रभावित
दक्षिण ओडिशा के 10 जिलों में एहतियातन स्कूल बंद कर दिए गए हैं। प्रशासन ने करीब 5 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। मलकानगिरी में चार पुल पानी में डूब गए, जिसके कारण कई मार्गों पर आवागमन बाधित हुआ। सुरक्षा को देखते हुए कुछ राष्ट्रीय राजमार्गों पर भी यातायात रोक दिया गया।
भद्रक में तेज हवाओं के कारण मछुआरों की करीब 10 नावें डूबने या क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। चिलिका झील के आसपास भी कई नावों को नुकसान पहुंचा है।
मौसम विभाग ने नबरंगपुर में रेड अलर्ट जारी किया है और 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश की संभावना जताई है। बरगढ़, नुआपाड़ा, बलांगीर, कालाहांडी, कोरापुट और मलकानगिरी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
आंध्र प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाएं
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में हवा की रफ्तार करीब 75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंची। विजयवाड़ा के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है। प्रशासन ने मछुआरों को शुक्रवार सुबह तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।
पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों के अलावा दार्जिलिंग और कलिम्पोंग में भी भारी बारिश तथा तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट
भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए देश के 22 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश की चेतावनी है।
दिल्ली-एनसीआर और कर्नाटक में हल्की बारिश हो सकती है। पूर्वोत्तर राज्यों, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और केरल में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है।
यूपी-बिहार में आंधी के साथ बारिश के आसार
पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में गरज-चमक तथा तेज हवाओं के साथ कई स्थानों पर बारिश हो सकती है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में शुक्रवार को आसमान आंशिक रूप से बादलों से ढका रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है। राजधानी में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
Comments are closed.