साइबर सिटी गुरुग्राम में सोमवार सुबह से जारी लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
बिगड़ते मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार के लिए विशेष एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। जिला उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष उत्तम सिंह ने लोगों से केवल बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने और मौसम विभाग तथा प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने को कहा है।
प्रशासन ने लोगों से वर्क फ्रॉम होम को प्राथमिकता देने की अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, इससे सड़कों पर वाहनों की संख्या कम होगी और बारिश के दौरान जलभराव व ट्रैफिक जाम के कारण होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिल सकती है।
उपायुक्त ने कहा कि खराब मौसम के बीच किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से संयम और सावधानी बरतने तथा प्रशासन की ओर से जारी होने वाली सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की।
मंगलवार को स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई
लगातार बारिश और कई क्षेत्रों में जलभराव को देखते हुए जिला प्रशासन ने मंगलवार को सभी सरकारी और निजी स्कूलों के साथ अन्य शैक्षणिक संस्थानों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने यह फैसला विद्यार्थियों और शिक्षकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव और यातायात प्रभावित होने की आशंका के मद्देनजर छात्रों को स्कूल आने-जाने से होने वाली परेशानी से बचाने के लिए कक्षाएं ऑनलाइन आयोजित की जाएंगी।
Comments are closed.