तेल अवीव पर ईरान का कहर: 150 से अधिक मिसाइलों से हमला, कई घायल

2

ईरान का बड़ा जवाबी हमला: यरुशलम और तेल अवीव में मिसाइल हमलों से दहशत, कई घायल।

ईरान ने शुक्रवार रात इज़रायल के खिलाफ बड़े पैमाने पर जवाबी हवाई हमले किए, जिसमें यरुशलम और तेल अवीव सहित देश के प्रमुख शहरों में जोरदार विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। यह हमला उस वक्त हुआ जब इज़रायल ने कुछ दिन पहले ईरान पर अपने अब तक के सबसे बड़े सैन्य ऑपरेशन को अंजाम दिया था।

150 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं
‘द टाइम्स ऑफ इज़रायल’ के हवाले से एएनआई ने बताया कि ईरान ने दो चरणों में कुल 150 से अधिक बैलिस्टिक मिसाइलें इज़रायल पर दागीं। मिसाइलों को राजधानी तेल अवीव के ऊपर उड़ते हुए देखा गया, जिसके बाद पूरे देश में हवाई हमले के सायरन गूंजने लगे और नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की अपील की गई।

नौ स्थानों पर हमले, 15 घायल
‘टाइम्स ऑफ इज़रायल’ के अनुसार, चिकित्सकों ने नौ प्रभाव स्थलों की पुष्टि की है। अब तक कम से कम 15 लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। कुछ लोग छर्रे लगने से मामूली रूप से घायल हुए हैं।

रक्षा प्रणाली ने बड़ी तबाही से बचाया
इज़रायली सेना ने बताया कि ईरानी मिसाइलों की एक बड़ी संख्या को आयरन डोम रक्षा प्रणाली के ज़रिए बीच रास्ते में ही नष्ट कर दिया गया या वे लक्ष्यों तक पहुंचने से पहले ही गिर गईं। अमेरिकी अधिकारियों ने भी पुष्टि की कि अमेरिकी बलों ने इज़रायल की ओर आ रही कुछ मिसाइलों को रोकने में मदद की।

तेल अवीव में इमारतें क्षतिग्रस्त
तेल अवीव के रमत गान इलाके में एक अपार्टमेंट ब्लॉक सहित कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। मध्य तेल अवीव में भी एक बहुमंजिला इमारत की कई मंजिलें मिसाइल हमले में क्षतिग्रस्त हुई हैं।

खामेनेई की चेतावनी: इज़रायल ने की ‘गंभीर गलती’
ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर बयान जारी करते हुए कहा कि इज़रायली शासन ने एक “गंभीर और लापरवाह गलती” की है और इसका अंजाम उसे भुगतना पड़ेगा। उन्होंने लिखा, “हमारे सशस्त्र बल पूरी तरह तैयार हैं और पूरा राष्ट्र उनके पीछे खड़ा है। हम अपने शहीदों के खून का बदला लेकर रहेंगे।”

Comments are closed.