अमेरिका-नाइजीरिया के संयुक्त ऑपरेशन में ISIS का डिप्टी चीफ अबू बिलाल अल-मिनुकी ढेर

0

अमेरिका और नाइजीरिया के सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान में आतंकी संगठन ISIS के उप प्रमुख अबू बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराने का दावा किया है।

यह कार्रवाई शुक्रवार रात नाइजीरिया के बोर्नो प्रांत में की गई, जहां कई घंटे तक चले ऑपरेशन में संगठन के अन्य वरिष्ठ आतंकी भी ढेर हुए। अमेरिकी राष्ट्रपति Donald Trump ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस ऑपरेशन की जानकारी देते हुए इसे आतंकवाद के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय सहयोग का बड़ा उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैनिकों और नाइजीरियाई सुरक्षा बलों ने संयुक्त कार्रवाई में लंबे समय से सक्रिय आतंकी अबू बिलाल अल-मिनुकी को मार गिराया।

कुछ देर बाद नाइजीरिया के राष्ट्रपति Bola Ahmed Tinubu ने भी ऑपरेशन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सहयोग से चलाए गए अभियान में ISIS के कई वरिष्ठ कमांडर मारे गए हैं।

नाइजीरिया की सेना के मुताबिक आतंकियों को बोर्नो प्रांत के मेटेले इलाके में घेरा गया था। करीब चार घंटे तक चले इस ऑपरेशन में हवाई और जमीनी दोनों स्तर पर कार्रवाई की गई। सुरक्षा बलों ने सटीक हमलों के जरिए मिनुकी और उसके सहयोगियों को मार गिराया। बताया गया है कि अबू बिलाल अल-मिनुकी नाइजीरिया का नागरिक था।

अमेरिका ने वर्ष 2023 में उसे वैश्विक आतंकी घोषित किया था। बोर्नो और आसपास के इलाकों में पिछले कई वर्षों से Boko Haram, ISIS और उससे जुड़े आतंकी गुट सक्रिय हैं। इन संगठनों के हमलों में हजारों लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लाखों लोग विस्थापित हुए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार, पिछले एक दशक में नाइजीरिया में इस्लामी चरमपंथी हिंसा में बड़ी संख्या में ईसाई नागरिकों की भी जान गई है। इससे पहले राष्ट्रपति ट्रंप नाइजीरिया में ईसाइयों की सुरक्षा को लेकर चिंता जता चुके थे और आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह चुके थे।

Comments are closed.