फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े सितारों में शामिल लियोनेल मेसी शुक्रवार को कोलकाता पहुंच गए, और उनके आगमन के साथ ही ‘सिटी ऑफ जॉय’ फुटबॉल fever में डूब गई।
मेसी की एक झलक पाने के लिए हजारों फैंस बैनर और पोस्टर लेकर सड़कों पर उमड़ पड़े। फैंस की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा कारणों से मेसी को वैकल्पिक मार्ग से होटल ले जाया गया।
कड़े सुरक्षा इंतजामों, बैरिकेडिंग और पुलिस की तैनाती के बीच हर तरफ “मेसी! मेसी!” के नारे गूंजते रहे। मेसी अपने पुराने क्लब बार्सिलोना के साथी लुईस सुवारेज़ और अर्जेंटीना टीम के खिलाड़ी रोद्रिगो डे पॉल के साथ शहर पहुंचे हैं।
एयरपोर्ट से होटल तक कड़ी सुरक्षा
आधी रात तक हजारों फैंस एयरपोर्ट और होटल के बाहर कतारों में खड़े रहे, लेकिन सुरक्षा कारणों से उन्हें अपने चहेते खिलाड़ी की झलक नहीं मिल सकी। मेसी को तड़के करीब 3:30 बजे सीधे एयरपोर्ट से होटल ले जाया गया और बैक एंट्रेंस से एंट्री कराई गई। इस दौरान बाहर इंतजार कर रहे सैकड़ों समर्थकों को मायूसी हाथ लगी। मेसी को निजी Gulfstream V विमान से उतरते हुए केवल कुछ एयरपोर्ट स्टाफ ही एक पल के लिए देख पाए।
होटल में भी मेसी-मेस्सी के नारे
होटल हयात रीजेंसी की लॉबी देर रात तक “मेसी! मेसी!” के नारों से गूंजती रही। अर्जेंटीना की आसमानी जर्सी, स्कार्फ और झंडों के बीच बच्चे, परिवार और थके हुए फैंस लॉबी में घंटों इंतजार करते नजर आए। मेसी ने होटल के कमरे नंबर 730 में चेक-इन किया, जबकि सुरक्षा के मद्देनज़र पूरी सातवीं मंज़िल को सील कर दिया गया।
कई कट्टर फैंस ने तो मेसी के नज़दीक रहने के लिए होटल में कमरे तक बुक करा लिए।
अगले 72 घंटे बेहद व्यस्त
अगले 72 घंटों में लियोनेल मेसी का शेड्यूल काफी व्यस्त रहने वाला है। इस दौरान वे कोलकाता, हैदराबाद, मुंबई और दिल्ली में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। बताया जा रहा है कि उनकी मुलाकात मुख्यमंत्रियों, कॉरपोरेट लीडर्स, बॉलीवुड सेलेब्रिटीज़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी हो सकती है।
Comments are closed.