पूर्वोत्तर जापान में रविवार सुबह 6.1 तीव्रता के भूकंप से धरती कांप उठी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई और अब तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।
इसके बावजूद मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है, क्योंकि अगले कुछ दिनों में तेज आफ्टरशॉक्स आने की आशंका जताई गई है।
जापान मौसम विभाग (JMA) के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 7:25 बजे आए भूकंप का केंद्र समुद्र के भीतर लगभग 40 किलोमीटर की गहराई में था। जापान के सात-स्तरीय भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर इसकी अधिकतम तीव्रता 5 दर्ज की गई। आओमोरी प्रांत के हाचिनोहे शहर समेत कई इलाकों में तेज झटके महसूस किए गए, जबकि आसपास के क्षेत्रों में भी धरती हिलने से लोगों में दहशत फैल गई।
यह भूकंप ऐसे समय आया है, जब कुछ दिन पहले ही उत्तरी जापान के इवाते तट के पास 7.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था। उस घटना के बाद से जापान मौसम विभाग लगातार चेतावनी दे रहा है कि प्रभावित क्षेत्र में कुछ समय तक मजबूत आफ्टरशॉक्स आने की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग ने बताया कि रविवार का भूकंप उसी भूकंपीय क्षेत्र में आया है, जहां 25 जून को इवाते तट के पास तेज झटके महसूस किए गए थे। उस दौरान अधिकतम भूकंपीय तीव्रता 6+ दर्ज की गई थी। एजेंसी ने चेतावनी दी है कि प्रभावित इलाकों में अगले करीब एक सप्ताह तक 6 या उससे अधिक तीव्रता के झटके आने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
अधिकारियों ने यह भी आगाह किया है कि जिन क्षेत्रों में तेज झटके महसूस किए गए हैं, वहां चट्टानें खिसकने और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और किसी भी संभावित भूकंपीय गतिविधि के प्रति सतर्क रहें।
Comments are closed.