नालासोपारा की हाईराइज बिल्डिंग में भीषण आग, 15 लोगों का रेस्क्यू; महिला की मौत की खबर
महाराष्ट्र के वसई-विरार इलाके में स्थित इंपीरियल टॉवर (इंपीरियल हाइट्स) हाईराइज बिल्डिंग में मंगलवार रात भीषण आग लग गई। लिंक रोड पर स्थित इस इमारत की आठवीं से दसवीं मंजिल तक आग फैल गई। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है।
वसई-विरार सिटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के कमिश्नर पृथ्वीराज बी.पी. के मुताबिक, आग लगने की सूचना रात करीब 11:30 बजे मिली। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि इमारत में मौजूद कई अन्य लोग खुद ही नीचे उतरने में कामयाब रहे।
जान बचाने के लिए इमारत के बाहरी हिस्से पर लटके लोग
आग की लपटें तेज होने के कारण इमारत में फंसे कुछ लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर लटक गए। उन्हें सुरक्षित निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। दमकलकर्मियों और बचाव दल ने लोगों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत की।
इस हादसे में 60 वर्ष से अधिक उम्र की एक महिला की मौत होने की खबर सामने आई है। हालांकि, महिला की मौत की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
Comments are closed.