बलूचिस्तान में बड़ा आतंकी हमला: बस यात्रियों को अगवा कर 9 की गोली मारकर हत्या
पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत से एक बार फिर दिल दहलाने वाली हिंसा की खबर सामने आई है। अधिकारियों ने शुक्रवार को पुष्टि की कि क्वेटा से लाहौर जा रही एक बस को झोब ज़िले के पास हथियारबंद हमलावरों ने रोका, यात्रियों को नीचे उतारा और उनमें से नौ की पहचान कर उन्हें गोली मार दी गई।
हमलावरों ने यात्रियों को अपहरण कर जंगल की ओर ले जाकर निशाना बनाया। शवों को बरखान जिले के रेखनी अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव है और सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान तेज़ कर दिया है।
‘फितना अल-हिंदुस्तान’ पर आरोप
स्थानीय प्रशासन ने इस हमले के लिए ‘फितना अल-हिंदुस्तान’ नामक संगठन को जिम्मेदार ठहराया है। झोब के असिस्टेंट कमिश्नर नवेद आलम ने बताया कि हमलावरों ने अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाबी पाई। हालांकि सुरक्षाबलों ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके की घेराबंदी की है।
पाकिस्तान सरकार ने इस साल मई में बलूचिस्तान में सक्रिय सभी उग्रवादी संगठनों को ‘फितना अल-हिंदुस्तान’ के नाम से वर्गीकृत किया था।
‘निर्दोष नागरिकों की हत्या बर्बरता का उदाहरण’
प्रांतीय सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद ने घटना की निंदा करते हुए कहा, “आतंकियों ने निर्दोष यात्रियों की पहचान कर उन्हें बेरहमी से मार डाला। यह फितना अल-हिंदुस्तान की क्रूरता का एक और सबूत है।” उन्होंने कहा कि ऐसे जघन्य अपराधों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Comments are closed.