बिहार के वैशाली में बड़ा हादसा: नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख; परिजनों को 6 लाख रुपये मुआवजे का ऐलान

2

वैशाली नाव हादसा: 13 बच्चों की मौत से मचा कोहराम, 20-25 लोग थे सवार; पीएम मोदी और सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान

बिहार के वैशाली जिले में राघोपुर थाना क्षेत्र की रामपुर श्यामचंद पंचायत में मंगलवार रात नाव पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में 13 बच्चों की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

श्राद्ध भोज में शामिल होने जा रहे थे बच्चे

जानकारी के मुताबिक, रामपुर श्यामचंद पंचायत के भगतान टोला स्थित माता महारानी स्थान के पास सिंघेश्वर राय के यहां श्राद्ध भोज का आयोजन किया गया था। इसमें शामिल होने के लिए करीब 20 से 25 लोग एक छोटी नाव पर सवार होकर ढाब के दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान बीच पानी में नाव पलट गई और उस पर सवार लोग डूबने लगे।

हादसे की खबर फैलते ही आसपास के गांवों के लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने पानी में डूब रहे लोगों को बचाने के लिए प्रयास शुरू किए। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद कई लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राघोपुर फतेहपुर ले जाया गया।

अस्पताल में मची अफरा-तफरी, 13 बच्चों की मौत

नाव हादसे के बाद 17 बच्चों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद 13 बच्चों को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में तीन बच्चों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि एक बच्चे की हालत स्थिर बताई गई।

हादसे में मृत लोगों की सूची:

क्र.सं. मृतक का नाम पिता का नाम
1 मीरा कुमारी रामनरेश राय
2 निशु कुमारी सत्येंद्र राय
3 अनिषा कुमारी सुरेंद्र राय
4 सुनीता कुमारी राज किशोर राय
5 आर्यन कुमार गांधी राय
6 मोहन कुमार अखिलेश राय
7 अमृता कुमारी राज किशोर राय
8 अंकिता कुमारी राज किशोर राय
9 पिंकी कुमारी डोमन राय
10 नमन कुमार मुकेश राय
11 सिकी कुमारी सुरेश राय
12 भोनू कुमारी रामप्रवेश राय
13 सोनम कुमारी नरेश राय

हालांकि, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने घटनास्थल पर मीडिया से बातचीत में बताया कि हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हुई है और सात लोगों को बचाकर इलाज के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) भेजा गया है। उन्होंने बताया कि सभी मृतकों की उम्र करीब 15 वर्ष के आसपास थी।

अस्पताल परिसर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और परिजनों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की खबर से पूरे राघोपुर प्रखंड में शोक की लहर दौड़ गई।

रातभर चला राहत और बचाव अभियान

डीएम वर्षा सिंह ने बताया कि हादसे के बाद राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहा। मौके पर राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम तैनात की गई और स्थानीय गोताखोरों की मदद से लापता लोगों की तलाश की गई। प्रशासन ने अभियान को रातभर और जरूरत पड़ने पर अगले दिन भी जारी रखने की बात कही।

डीएम के साथ एसएसपी शुभांक मिश्रा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। ग्रामीणों ने नाव की जर्जर हालत को दुर्घटना की संभावित वजह बताते हुए संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आक्रोशित लोगों ने डीएम और एसएसपी के खिलाफ नारेबाजी भी की।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषित की सहायता राशि

हादसे पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को राहत-बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

पीएम मोदी ने जताया शोक, PMNRF से भी मिलेगी मदद

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैशाली में नाव पलटने की घटना में हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी संदेश में कहा गया कि इस दुखद घटना से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जाती है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावित लोगों की सहायता में जुटा है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई।

इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। ग्रामीणों ने नाव की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से राहत-बचाव कार्य और मामले से जुड़ी आगे की कार्रवाई जारी है।

Comments are closed.