8 दिन बाद मलबे से जिंदा निकला शख्स, भारतीय मेडिकल टीम की दुनिया कर रही तारीफ

0

वेनेज़ुएला में भारतीय मेडिकल टीम की हो रही सराहना, ऑपरेशन ‘अमिस्ताद’ के तहत घायलों का कर रही इलाज

भूकंप प्रभावित वेनेज़ुएला में भारत की मेडिकल टीम राहत और उपचार कार्यों में अहम भूमिका निभा रही है। ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत स्थापित फील्ड हॉस्पिटल में इलाज करा रहे लोगों ने भारतीय डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की जमकर तारीफ की है। इस अस्पताल की स्थापना भूकंप प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए की गई है।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अस्पताल की तस्वीरें और वीडियो साझा किए हैं। इनमें मरीज भारतीय मेडिकल टीम से मिले उपचार और देखभाल की सराहना करते नजर आ रहे हैं।

ला गुएरा के प्लाया ग्रांडे निवासी एक घायल ने बताया कि उसके शरीर की हड्डी दो जगह से टूट गई है और उसका ऑपरेशन किया जाना है। उसने कहा कि अस्पताल पहुंचते ही बिना किसी देरी के इलाज शुरू कर दिया गया।

एक अन्य मरीज, जिसके हाथ में भूकंप के दौरान चोट लगी थी, ने भारतीय डॉक्टरों की तारीफ करते हुए कहा कि इलाज के बाद उसका दर्द लगभग खत्म हो गया है। उसने मेडिकल टीम का आभार जताते हुए कहा कि कई दिनों से हो रही तकलीफ अब दूर हो गई है।

इस बीच, वेनेज़ुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज के अनुसार, 24 जून को आए विनाशकारी भूकंपों में अब तक 2,295 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 11,267 लोग घायल हुए हैं। राहत एवं बचाव अभियान के दौरान 6,461 लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।

आठ दिन बाद मलबे से जिंदा निकला सिक्योरिटी गार्ड

भूकंप के आठ दिन बाद राहत एवं बचाव दल को बड़ी सफलता मिली। गुरुवार को अल साल्वाडोर और चिली की संयुक्त सर्च एंड रेस्क्यू टीम ने ला गुएरा स्थित एक मॉल के मलबे में दबे 44 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड को जीवित बाहर निकाल लिया।

रेस्क्यू सफल होने के बाद मौके पर मौजूद बचावकर्मियों की खुशी देखने लायक थी। चिली के एक रेस्क्यू कर्मी ने स्ट्रेचर उठाते हुए विजय का इशारा किया, जबकि कोस्टा रिका रेड क्रॉस के सदस्य एक-दूसरे को गले लगाकर भावुक हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर बचाव दल का स्वागत किया। यह रेस्क्यू अभियान भूकंप के बाद चल रहे राहत कार्यों की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक माना जा रहा है।

Comments are closed.