डोमिनिकन रिपब्लिक के लग्जरी रिसॉर्ट में भीषण आग, इटली के पर्यटक की मौत; 1700 लोग सुरक्षित निकाले गए

0

कैरेबियाई देश डोमिनिकन गणराज्य के लोकप्रिय पर्यटन क्षेत्र बायाहिबे में स्थित एक लग्जरी बीच रिसॉर्ट में भीषण आग लगने से इटली के एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग घायल हो गए।

घटना के बाद बड़े पैमाने पर राहत एवं बचाव अभियान चलाकर करीब 1,700 मेहमानों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग ‘विवा विन्धम डोमिनिकस बीच होटल’ में लगी, जिसके बाद दमकल और आपदा राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों के अनुसार, तीन घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि छह अन्य लोगों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर होटल को खाली कराकर प्रभावित पर्यटकों को आसपास के अन्य होटलों में ठहराने की व्यवस्था की है। साथ ही आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिसॉर्ट की कुछ छतें ताड़ की लकड़ी और पत्तों जैसी ज्वलनशील सामग्री से बनी थीं। अधिकारियों का मानना है कि तेज हवाओं और इन संरचनाओं की वजह से आग तेजी से फैल गई, जिससे आग पर काबू पाने में दमकलकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय मीडिया में सामने आए वीडियो में रिसॉर्ट क्षेत्र से आसमान में उठता घना काला धुआं देखा जा सकता है। आग की भयावहता के बावजूद राहत टीमों ने समय रहते बड़ी संख्या में लोगों को सुरक्षित निकाल लिया, जिससे बड़ा जनहानि टल गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस घटना का बायाहिबे और आसपास के पर्यटन क्षेत्रों की गतिविधियों पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है और पर्यटन सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं।

गौरतलब है कि बायाहिबे अपने साफ नीले समुद्री पानी, सफेद रेतीले तटों और समुद्री पर्यटन के लिए दुनियाभर में प्रसिद्ध है। डोमिनिकन गणराज्य कैरेबियन क्षेत्र के सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है और इस वर्ष के शुरुआती पांच महीनों में यहां लगभग 5.6 मिलियन पर्यटक पहुंच चुके हैं।

Comments are closed.