सूडान में भीषण भूस्खलन: पूरा गांव मिट्टी में समाया, 1,000 से ज्यादा की मौत

2

सूडान में लैंडस्लाइड का कहर: 1,000 से ज्यादा की मौत, गांव पूरी तरह तबाह।

अफगानिस्तान में भूकंप की तबाही के बाद अब अफ्रीकी देश सूडान में कुदरत ने बड़ा कहर ढाया है। रॉयटर्स के मुताबिक, पश्चिमी सूडान के मार्रा पर्वत क्षेत्र में भीषण भूस्खलन से पूरा गांव मलबे में दब गया। इस हादसे में कम से कम 1,000 लोग मारे गए, जबकि केवल एक व्यक्ति जिंदा बचा। सेना ने पुष्टि की है कि गांव पूरी तरह जमींदोज हो चुका है।

भारी बारिश के बाद तबाही
अब्देलवाहिद मोहम्मद नूर की अगुवाई वाले सूडान लिबरेशन मूवमेंट ने बताया कि यह हादसा 31 अगस्त को कई दिनों की भारी बारिश के बाद हुआ। संगठन ने संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय एजेंसियों से मृतकों के शव निकालने और राहत कार्य में मदद की अपील की है।

पहले से जूझ रहा है सूडान
सूडान पहले ही गृह युद्ध और भूखमरी की चपेट में है। उत्तरी दारफुर राज्य में सेना और अर्धसैनिक बल आरएसएफ के बीच लड़ाई जारी है। बड़ी संख्या में लोग जान बचाने के लिए मार्रा पर्वत क्षेत्र में शरण लिए हुए थे, लेकिन वहां भोजन और दवाओं की भारी कमी है।

संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, सूडान की आधी से अधिक आबादी पहले से ही भूखमरी के संकट स्तर का सामना कर रही है। ऐसे में भूस्खलन ने मानवीय त्रासदी को और गहरा कर दिया है।

Comments are closed.