दिल्ली दहलीज पर, यूपी-राजस्थान में झमाझम बारिश; कई राज्यों में IMD अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून ने एक छोटे ब्रेक के बाद फिर से रफ्तार पकड़ ली है। मानसूनी बादल तेजी से आगे बढ़ते हुए अब दिल्ली की दहलीज तक पहुंच चुके हैं और अगले एक-दो दिनों में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में बारिश की दस्तक दे सकते हैं। सामान्यत: दिल्ली में मानसून की आमद 26–27 जून के आसपास होती है, लेकिन इस बार इसके चार-पांच दिन पहले पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
यूपी-राजस्थान में मानसूनी बारिश शुरू
उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई हिस्सों में मानसूनी बारिश की शुरुआत हो चुकी है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले सप्ताह के लिए पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पूर्वी राजस्थान के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनकी गति 40–50 किमी प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।
इन राज्यों में पहले ही पहुंच चुका है मानसून
अब तक मानसून बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश के कुछ भागों में सक्रिय हो चुका है। दिल्ली, पंजाब और हरियाणा की बारी अब आने वाली है, जहां सोमवार से बारिश में तेजी आने की संभावना है।
राजस्थान में गर्मी बरकरार, लेकिन जल्द राहत की उम्मीद
पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अभी भी तापमान सामान्य से ऊपर बना हुआ है, लेकिन मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि आगामी दो दिनों में वहां भी बारिश राहत लेकर आएगी।
जम्मू-कश्मीर और पहाड़ी राज्यों में भी बदलाव के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 26 जून के बीच जम्मू-कश्मीर में भी बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है। वहीं, हिमाचल और उत्तराखंड जैसे राज्यों में भी बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है।
मुंबई और कर्नाटक में बारिश से जनजीवन प्रभावित
देश के पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में भी मानसून पूरी ताकत से सक्रिय है। मुंबई और कर्नाटक के तटीय इलाकों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है, जबकि महाराष्ट्र के कई तटीय जिलों में भी भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
Comments are closed.