महाराष्ट्र की 29 नगर निकायों के चुनाव की मतगणना आज सुबह 10 बजे से शुरू होगी।
राज्यभर के 893 वार्डों में कुल 2,869 सीटों के लिए मतदान हुआ था, जिनमें मुंबई महानगरपालिका (BMC) की 227 सीटें भी शामिल हैं। इन चुनावों में 3.48 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे, जबकि कुल 15,931 उम्मीदवार मैदान में उतरे थे।
गुरुवार को हुए मतदान में औसतन 46 से 50 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई। मतदान के बाद आए Axis My India, JVC, सकाल और प्रजा जैसे एग्जिट पोल संकेत देते हैं कि बीएमसी पर पिछले 27 वर्षों से चला आ रहा ठाकरे गुट का दबदबा कमजोर पड़ सकता है और BJP+ गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलने की संभावना है।
देश ही नहीं, एशिया की सबसे अमीर नगर पालिका है BMC
मुंबई महानगरपालिका देश की ही नहीं, बल्कि एशिया की सबसे समृद्ध नगर पालिकाओं में गिनी जाती है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए बीएमसी का प्रस्तावित बजट ₹74,400 करोड़ से अधिक है।
बीएमसी के अलावा नवी मुंबई, ठाणे, पुणे, नासिक, नागपुर, छत्रपति संभाजीनगर, वसई-विरार, कल्याण-डोंबिवली, पिंपरी-चिंचवड़, सोलापुर, अमरावती समेत कुल 29 नगर निकायों में मतदान हुआ था। आज आने वाले नतीजे यह तय करेंगे कि अगले पांच वर्षों तक महाराष्ट्र के प्रमुख शहरी निकायों की कमान किसके हाथ में रहेगी।
चुनाव से जुड़े अहम फैक्ट्स
बीएमसी सीटें: 227, उम्मीदवार करीब 1,700
कुल मतदाता: 3.48 करोड़
कुल उम्मीदवार: 15,931
वार्ड और सीटें: 893 वार्ड, 2,869 सीटें
मतदान समय: सुबह 7:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक
कुल मतदान: 46–50%
प्रमुख शहरों में मतदान प्रतिशत
मुंबई: 41.08%
पुणे: 36.95%
नागपुर: 41.23%
छत्रपति संभाजीनगर: 43.67%
नासिक: 39.64%
2017 के बाद पहली बार नगर निकाय चुनाव
महाराष्ट्र में ये नगर निकाय चुनाव 2017 के बाद पहली बार कराए गए हैं, जिससे इनके राजनीतिक मायने और भी बढ़ गए हैं।
Comments are closed.