मूसलाधार बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, बस-रेल सेवा प्रभावित; कई उड़ानें डायवर्ट

0

पिछले चार दिनों से हो रही मूसलधार बारिश ने देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की रफ्तार थाम दी है।

मुंबई के साथ-साथ ठाणे, रायगढ़, पुणे और दक्षिण गुजरात के कई इलाकों में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जलभराव और लगातार बारिश के कारण रेल, सड़क और हवाई यातायात पर व्यापक असर पड़ा है, जबकि कई इलाकों में प्रशासन को एहतियातन स्कूल, कॉलेज और सरकारी कार्यालय बंद करने पड़े हैं।

रेल सेवाएं सबसे ज्यादा प्रभावित

भारी बारिश के चलते पश्चिमी रेलवे का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हुआ। पटरियों पर पानी भर जाने के कारण मुंबई और दक्षिण गुजरात के विभिन्न स्टेशनों पर 20 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों तक फंसी रहीं। पूरे दिन में 40 से ज्यादा ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा, कुछ के मार्ग बदले गए, जबकि कई अपने निर्धारित समय से काफी देर से चलीं। जलमग्न ट्रैक पर परिचालन से बचने के लिए कई ट्रेनों को वापी और सूरत जैसे स्टेशनों पर रोक दिया गया, जिससे हजारों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मुंबई और पुणे के बीच रेल संपर्क भी बाधित रहा। कर्जत के पास भूस्खलन के कारण रेलवे ट्रैक पर भारी मलबा आ गया, जिसके बाद सुरक्षा कारणों से इस रूट पर ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गईं।

हवाई सेवाओं पर भी असर

बारिश का असर विमान सेवाओं पर भी देखने को मिला। सोमवार दोपहर तक मुंबई एयरपोर्ट पर आने वाली कम से कम पांच उड़ानों को खराब मौसम के कारण दूसरे हवाई अड्डों की ओर डायवर्ट करना पड़ा।

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर ‘मिसिंग लिंक’ बंद

मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर हाल ही में शुरू किए गए ‘मिसिंग लिंक’ प्रोजेक्ट की एक प्रमुख सुरंग में पानी का तेज रिसाव शुरू होने से प्रशासन की चिंता बढ़ गई। एहतियात के तौर पर लोक निर्माण विभाग और यातायात पुलिस ने इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। हालांकि, करीब 18 घंटे बाद स्थिति सामान्य होने पर यातायात बहाल कर दिया गया।

बारिश से हादसों में कई लोगों की मौत

लगातार बारिश के बीच रविवार को मुंबई के मानखुर्द इलाके में तीन मंजिला एक चाल ढह गई, जिसमें छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

उधर, पुणे की मावल तहसील में भूस्खलन की चपेट में आने से एक घर दब गया, जिसमें एक ही परिवार के तीन लोगों की जान चली गई। खेड़ तहसील में पानी से भरी सड़क पार करते समय मोटरसाइकिल सवार दो लोग बह गए। वहीं, पिंपरी-चिंचवाड़ में दीवार गिरने से एक मजदूर की मौत हो गई और आठ अन्य घायल हो गए।

मुंबई के जवाहरलाल नेहरू पोर्ट स्थित न्हावा शेवा फ्रीपोर्ट टर्मिनल पर भी हादसा हुआ, जहां एक टैंकर पर खाली कंटेनर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया।

नासिक में बादल फटने की आशंका, रेड अलर्ट जारी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नासिक में बादल फटने और 300 मिमी तक बारिश होने की आशंका जताई है। मौसम विभाग ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। पिछले 24 घंटों में महाराष्ट्र में बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 13 लोगों की मौत की सूचना है।

एनडीआरएफ की 17 टीमें तैनात

भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए पूरे महाराष्ट्र में राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की 17 टीमें तैनात की गई हैं। इनमें मुंबई में चार, जबकि पालघर और नागपुर में दो-दो टीमें तैनात हैं। इसके अलावा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की छह टीमों को भी किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखा गया है।

स्कूल-कॉलेज बंद, ट्रैफिक बेहाल

प्रशासन ने मुंबई के सभी स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों को दो दिनों तक बंद रखने का आदेश दिया है। हिंदमाता, सायन, कुर्ला और अंधेरी जैसे निचले इलाकों में कई फीट तक पानी भर गया है। तेज बारिश और हवाओं के कारण पिछले तीन दिनों में शहर में 250 से अधिक पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं।

जलभराव के कारण मुंबई की लोकल ट्रेनें देरी से चल रही हैं, जबकि सड़कों पर भारी ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। कई जगह लोग घंटों तक अपने वाहनों में फंसे रहे।

भारी बारिश की स्थिति को देखते हुए महाराष्ट्र विधानमंडल के दोनों सदनों की कार्यवाही भी स्थगित कर दी गई। विधानसभा में मुख्यमंत्री फडणवीस ने इसे “मानव नियंत्रण से परे अप्रत्याशित स्थिति” बताते हुए लोगों से गैरजरूरी यात्रा से बचने और जलप्रपात या पर्यटन स्थलों पर नहीं जाने की अपील की। उन्होंने निजी कंपनियों से कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने को कहा और चेतावनी दी कि निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Comments are closed.