यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान आज भारत दौरे पर, रणनीतिक साझेदारी पर होगी अहम बातचीत
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान सोमवार, 19 जनवरी को भारत की आधिकारिक यात्रा पर आ रहे हैं। यह दौरा भारत और यूएई के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है। राष्ट्रपति नाहयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत आ रहे हैं।
यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है, जब मध्य पूर्व में ईरान-अमेरिका संबंधों में बढ़ता तनाव, यमन को लेकर सऊदी अरब और यूएई के बीच मतभेद और गाजा में अस्थिर राजनीतिक हालात बने हुए हैं। ऐसे भू-राजनीतिक माहौल में नाहयान का भारत दौरा कूटनीतिक दृष्टि से अहम माना जा रहा है।
इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति नाहयान के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, रक्षा उद्योग में सहयोग और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी पहलों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचार-विमर्श किया जा सकता है।
यह यूएई के राष्ट्रपति के रूप में शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का भारत का तीसरा आधिकारिक दौरा होगा, जबकि पिछले 10 वर्षों में यह उनका पांचवां भारत दौरा है।
भारत-यूएई संबंधों में नई गति
भारत और यूएई के बीच वर्ष 2022 में हुए व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (CEPA) के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश और जनसंपर्क में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखी गई है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच सहयोग की नई संभावनाओं को तलाशने और रणनीतिक साझेदारी को और गहराई देने का अवसर प्रदान करेगी।
Comments are closed.