झारखंड में पुलिस मुठभेड़ में ढेर 10 लाख का इनामी नक्सली, इलाके में तनाव

4

झारखंड के चाईबासा जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के आराहासा पंचायत के रेला गांव स्थित बुरजूवा पहाड़ी के पास रविवार तड़के पुलिस और माओवादी नक्सलियों के बीच मुठभेड़ छिड़ गई।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि रेला-पराल इलाके में नक्सली संगठन के सक्रिय सदस्य मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों ओर से गोलीबारी हुई।

सुरक्षाबलों ने पूरे पहाड़ी क्षेत्र को घेर लिया है और नक्सलियों के भागने के रास्ते बंद करने की कोशिश की जा रही है। स्थिति पर चाईबासा एसपी राकेश रंजन लगातार नजर बनाए हुए हैं और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजा गया है।

मुठभेड़ के दौरान एक नक्सली मारा गया है और एक एसएलआर बरामद की गई है। मारे गए नक्सली की पहचान जोनल कमांडर अमित हांसदा उर्फ अपटन के रूप में हुई है, जिस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था। एसपी राकेश रंजन ने मुठभेड़ और नक्सली के मारे जाने की पुष्टि की है।

समाचार लिखे जाने तक सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ जारी थी।

Comments are closed.