ईरान के खिलाफ जारी युद्ध के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बड़ा दावा किया है।
नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल ने हमलों में ईरान के कई शीर्ष परमाणु वैज्ञानिकों को मार गिराया है। साथ ही उन्होंने ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई को भी इशारों में चेतावनी दी है।
जंग शुरू होने के बाद अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू ने अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर किए गए सैन्य हमलों का बचाव किया। उन्होंने कहा कि करीब दो हफ्तों से चल रही अमेरिका-इजरायल की बमबारी के बाद ईरान की स्थिति पहले जैसी नहीं रही है। नेतन्याहू के मुताबिक, तेहरान की ताकतवर इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) और बसीज अर्धसैनिक बल को इन हमलों में भारी नुकसान पहुंचा है।
नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल का मकसद ईरान को अपने परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम को गुपचुप तरीके से आगे बढ़ाने से रोकना है। उन्होंने दावा किया कि कुछ इजरायली हमलों में ईरान के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक भी मारे गए हैं।
हिजबुल्लाह पर हमले जारी रखने की चेतावनी
इजरायली प्रधानमंत्री ने यह भी साफ किया कि उनकी सेना हिजबुल्लाह के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगी। लेबनान में सक्रिय और ईरान समर्थित इस संगठन ने 2 मार्च को इजरायल पर हमला शुरू किया था। बताया जा रहा है कि यह हमला अमेरिका-इजरायल के ऑपरेशन में ईरान के सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की हत्या के बाद बदले की कार्रवाई के तौर पर किया गया था।
नेतन्याहू ने कहा कि हिजबुल्लाह को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने लेबनान सरकार को भी चेतावनी देते हुए कहा कि बेहतर होगा कि वह खुद आगे बढ़कर इस खतरे से निपटने में भूमिका निभाए।
नए सुप्रीम लीडर को भी चेतावनी
जब प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेतन्याहू से पूछा गया कि इजरायल ईरान के नए सुप्रीम लीडर मुजतबा खामेनेई और हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम के खिलाफ क्या कदम उठा सकता है, तो उन्होंने सीधे जवाब देने से बचते हुए इशारों में कड़ी चेतावनी दी।
नेतन्याहू ने कहा, “मैं किसी भी आतंकवादी संगठन के नेताओं को जीवन बीमा नहीं दूंगा। मैं यहां यह नहीं बताना चाहता कि हम क्या योजना बना रहे हैं या आगे क्या करने वाले हैं।”
उन्होंने यह भी दावा किया कि खामेनेई अब सार्वजनिक रूप से सामने आने की स्थिति में नहीं हैं और उन्हें “रिवोल्यूशनरी गार्ड्स की कठपुतली” बताया।
इजरायली प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि इस पूरे संकट को लेकर उनकी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से लगभग हर दिन बातचीत हो रही है।
Comments are closed.