बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम ने कहा है कि मौजूदा हालात में राष्ट्रीय टीम को T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत भेजने को लेकर बोर्ड सहज नहीं है।
इसी वजह से BCB ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) से टूर्नामेंट के कुछ मैच भारत से बाहर आयोजित कराने का औपचारिक अनुरोध किया है। अमीनुल इस्लाम के मुताबिक, यह फैसला बोर्ड के सभी निदेशकों के साथ दो अहम बैठकों के बाद लिया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की सुरक्षा बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी चिंता को ICC के सामने औपचारिक रूप से रखा गया है। अब BCB, ICC के जवाब का इंतजार कर रहा है और आगे की रणनीति उसी के आधार पर तय की जाएगी।
BCB अध्यक्ष ने साफ किया कि इस मुद्दे पर उनकी सीधी बातचीत भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से नहीं हो रही है, क्योंकि T20 वर्ल्ड कप एक ICC का आयोजन है। उन्होंने कहा,
“हम इस मामले में ICC के संपर्क में हैं और उनसे बैठक की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि अपनी चिंताएं उनके सामने रख सकें।”
यह मामला उस समय और चर्चा में आया, जब BCCI के निर्देश पर तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को IPL फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से रिलीज कर दिया गया। BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने इस फैसले के पीछे “हालिया घटनाक्रम” का हवाला दिया था।
शेड्यूल के अनुसार, बांग्लादेश टीम को T20 वर्ल्ड कप में कोलकाता में तीन और मुंबई में एक मैच खेलना था। ग्रुप C में शामिल बांग्लादेश का पहला मुकाबला 7 फरवरी को ईडन गार्डन्स में वेस्टइंडीज के खिलाफ प्रस्तावित था। इसके बाद टीम को इंग्लैंड, इटली और नेपाल से भिड़ना था।
गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों में भारत-बांग्लादेश संबंधों में आई तल्खी के बीच यह सुरक्षा चिंता सामने आई है। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के सत्ता से हटने के बाद दोनों देशों के रिश्तों में तनाव देखा गया है। इन राजनीतिक घटनाओं के चलते क्षेत्र में बनी असहज स्थिति का असर अब खेल आयोजनों पर भी पड़ता दिख रहा है।
Comments are closed.