यूपी सरकार का बड़ा फैसला: अब छावनी हॉस्पिटल में भी मुफ्त इलाज

3

आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत अब प्रदेश के सभी कैंटोनमेंट क्षेत्रों में स्थित अस्पतालों में भी इलाज की सुविधा मिलने जा रही है।

इस संबंध में स्टेट हेल्थ एजेंसी (साचीज) 12 कैंटोनमेंट अस्पतालों के साथ एमओयू साइन करने की तैयारी में है। प्रदेश में कुल 13 कैंटोनमेंट अस्पताल हैं। इनमें से प्रयागराज स्थित कैंटोनमेंट अस्पताल में पहले से ही आयुष्मान कार्ड धारकों का इलाज किया जा रहा है। यहां जनवरी से लाभार्थियों को निशुल्क चिकित्सा सेवाएं मिल रही हैं। प्रयागराज मॉडल की सफलता को देखते हुए अब बाकी 12 अस्पतालों को भी योजना से जोड़ा जा रहा है।

साचीज की सीईओ अर्चना वर्मा के मुताबिक प्रयागराज में मरीजों को कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, मेडिकल और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी जैसी गंभीर बीमारियों का उपचार भी मुफ्त उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा मुफ्त ओपीडी अपॉइंटमेंट, निशुल्क जांच और गंभीर मरीजों के लिए मुफ्त परिवहन सुविधा भी दी जा रही है।

एमओयू की औपचारिकताएं लगभग पूरी हो चुकी हैं। समझौता होते ही लखनऊ, कानपुर, मेरठ, बरेली, वाराणसी, अयोध्या, शाहजहांपुर, मथुरा, आगरा, फतेहपुर, झांसी और बबीना के कैंटोनमेंट अस्पतालों में भी आयुष्मान कार्ड धारकों का उपचार शुरू हो जाएगा।

साचीज की एसीईओ डॉ. पूजा यादव का कहना है कि कैंटोनमेंट अस्पतालों के जुड़ने से लाभार्थियों को विशेषज्ञ सेवाओं का दायरा बढ़ेगा और गंभीर व जटिल बीमारियों के मरीजों को उच्च स्तरीय इलाज सुलभ हो सकेगा। एमओयू के बाद इन अस्पतालों को योजना के पोर्टल से भी जोड़ा जाएगा, जिससे क्लेम और उपचार प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और पारदर्शी हो सकेगी।

Comments are closed.