अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में गुरुवार देर रात जोरदार धमाकों से सनसनी फैल गई।
स्थानीय मीडिया और अपुष्ट सूत्रों के अनुसार, पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने शहर में टीटीपी के ठिकानों को निशाना बनाकर हवाई हमले किए। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तान ने काबुल में पाकिस्तान तालिबान (TTP) के चीफ नूर वली महसूद की कार और गेस्टहाउस पर हमला किया। हालांकि, महसूद ने बयान जारी कर कहा कि वह सुरक्षित हैं और मीडिया में चल रही खबरें पाकिस्तानी खुफिया एजेंसियों का दुष्प्रचार हैं। सोशल मीडिया पर यह भी सूचना मिली कि धमाकों के दौरान काबुल में ड्रोन देखे गए।
वर्तमान स्थिति
तालिबान प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने एनडीटीवी से कहा कि दो धमाके सुने गए, लेकिन अब तक किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। शुरुआती रिपोर्ट्स के अनुसार, धमाके अब्दुल हक स्क्वायर के पास हुए, जहां एक लैंड क्रूज़र वाहन को निशाना बनाया गया। स्थानीय मीडिया Tolo News के अनुसार, घटना के बाद अब्दुल हक चौराहे को बंद कर दिया गया, जिससे इलाके में भारी ट्रैफिक जाम लग गया।
तालिबान का बयान
जबीहुल्लाह मुजाहिद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “काबुल में धमाके की आवाज़ सुनी गई है, लेकिन किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं। सब ठीक है। जांच जारी है और अभी तक किसी नुकसान की सूचना नहीं है।”
यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब अफगानिस्तान के कार्यवाहक विदेश मंत्री अमीर खान मुत्ताकी भारत के दौरे पर हैं। उनका यह दौरा 9 से 16 अक्टूबर तक चलेगा और तालिबान सत्ता में आने के बाद भारत की ओर से पहली उच्च स्तरीय राजनयिक मुलाकात है। भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रंधीर जायसवाल ने पुष्टि की कि इस दौरे के दौरान द्विपक्षीय संबंधों और क्षेत्रीय मुद्दों पर सार्थक चर्चा की जाएगी।
Comments are closed.