पाकिस्तान ने रविवार को दावा किया कि उसकी सेना ने पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर खुफिया जानकारी के आधार पर बड़ा सैन्य अभियान चलाते हुए 29 आतंकवादियों को मार गिराया।
समाचार एजेंसी एपी के मुताबिक, इस अभियान में पहले जमीनी स्तर पर ऑपरेशन चलाया गया और बाद में आतंकियों के ठिकानों पर सटीक हवाई हमले किए गए।
पाकिस्तानी सेना के अनुसार, सुरक्षा बलों ने विश्वसनीय खुफिया इनपुट मिलने के बाद सीमा क्षेत्र में आतंकवादियों के खिलाफ अभियान शुरू किया। ऑपरेशन के दौरान आतंकियों के ठिकानों और पनाहगाहों को निशाना बनाकर ‘कैलिब्रेटेड स्ट्राइक’ की गई, जिसमें 29 उग्रवादियों के मारे जाने का दावा किया गया है।
यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब एक दिन पहले कराची स्थित सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर बड़े आतंकवादी हमले की कोशिश को सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया था। उस मुठभेड़ में छह आतंकवादी और चार रेंजर्स जवान मारे गए थे।
पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच सीमा पार आतंकवाद को लेकर लंबे समय से तनाव बना हुआ है। इस्लामाबाद लगातार आरोप लगाता रहा है कि अफगानिस्तान की तालिबान सरकार तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) के आतंकवादियों को अपनी जमीन पर पनाह दे रही है, जहां से वे पाकिस्तान में हमलों की साजिश रचते हैं। हालांकि, काबुल इन आरोपों को लगातार खारिज करता आया है।
Comments are closed.