खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल और गवर्नर शासन को संसद की मंजूरी
पाकिस्तान की संसद ने गुरुवार को खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में आपातकाल लागू करने और गवर्नर शासन लगाने के संघीय सरकार के फैसले पर मुहर लगा दी। इस कदम के साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी की प्रांतीय सरकार का शासन निलंबित हो गया है।
संसद के संयुक्त सत्र में इस फैसले का विपक्षी सांसदों ने जोरदार विरोध किया। विपक्षी सदस्य ‘इमरजेंसी नामंजूर’ लिखी तख्तियां लेकर सदन में पहुंचे और सरकार के कदम के खिलाफ नारेबाजी की।
संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने संयुक्त सत्र में आपातकाल लागू करने और गवर्नर शासन से जुड़े प्रस्ताव पेश किए। सदन में चर्चा के बाद दोनों प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई।
इससे पहले बुधवार को संसद के दोनों सदनों ने आपातकाल लागू करने के प्रस्ताव का समर्थन किया था। हालांकि, गवर्नर शासन लागू करने के लिए संसद के संयुक्त सत्र की स्वीकृति जरूरी थी, जिसे गुरुवार को हासिल कर लिया गया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के नेतृत्व वाली संघीय सरकार ने 11 अक्टूबर को खैबर पख्तूनख्वा में आपातकाल लागू करने का फैसला किया था। सरकार ने इसके पीछे प्रांत में बढ़ती आतंकी हिंसा और आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियानों में प्रांतीय सरकार के कथित असहयोग को वजह बताया है।
Comments are closed.